खुशी : रंगकर्मी हेमराज को मिलेगा पुरस्कार, राष्ट्रीय कुमांउनी भाषा सम्मेलन
सीमांत की हिलजात्रा का देश - विदेश में किया मंचन,

पिथौरागढ़ में आगामी 04 से 06 नवंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कुमांउनी भाषा सम्मेलन में संस्कृति प्रेमी हेमराज सिंह बिष्ट को दिलीप सिंह खेतवाल स्मृति कर्मवीर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। जिसको लेकर सीमांत जनपद सहित अन्य जनपदों के संस्कृति प्रेमियों, साहित्यकारों सहित अन्य लोगों में खुशी की लहर है। यह पुरस्कार कुमांउनी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति और पहरू की ओर से आगामी 04, 05 व 06 नवंबर 2023 को पिथौरागढ़ में आयोजित 15 वें राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में दिया जाएगा। कर्मवीर पुरस्कार चयन समिति के सदस्यों द्वारा विचार.विमर्श के बाद पिथौरागढ़ निवासी हेमराज बिष्ट को कुमाउनी संस्कृति के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए चुना गया है। समिति सचिव डा. हयात सिंह रावत ने बताया की पुरस्कार के रूप में उन्हें पांच हजार एक सौ रूपये की नकद धनराशि,अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

संस्कृति प्रेमी हेमराज सिंह बिष्ट के बारे में संक्षिप्त…….
12 मई 1964 को पिथौरागढ़ जिले के ग्राम डुंगरी-मिताड़ी में माता भागीरथी देवी और पिता गोपाल सिंह बिष्ट के घर जन्मे हेमराज सिंह बिष्ट कुमाउनी संस्कृति को संवारने और आगे बढ़ाने में बीते लंबे से सराहनीय कार्य करते हा रहे हैं। संस्कृति के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यो को लेकर हेमराज बिष्ट को कई मंचों में सम्मानित किया जा चुका है। उनके द्वारा वर्ष 1986 में पर्वतीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कला समिति की स्थापना की गई। जिसे नवोदय पर्वतीय कला केन्द्र रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने पिथौरागढ़ की पहचान प्रसिद्ध हिलजात्रा को देश- विदेश तक पहुंचाने में विशेष योगदान दिया है। सन् 1997 से 2012 तक लगातार पिथौरागढ़ छलिया महोत्सव के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उत्तराखंड के छलिया नृत्य को प्रकाश में लाने का भी महत्वूपर्ण कार्य किया है।
दिलीप सिंह खेतवाल स्मृति कर्मवीर पुरस्कार……
नरेन्द्रा पैलेश बागेश्वर के नरेन्द्र खेतवाल द्वारा प्रयोजित यह पुरस्कार वर्ष 2021 से समाज में उल्लेखनीय कार्य के लिए हर वर्ष दिया जा रहा है। अभी तक इस पुरस्कार से कै. नारायण सिंह उन्यूड़ी, बागेश्वर, नारायण सिंह बिष्ट, हल्द्वानी को पुरस्कृत किया जा चुका है। आगामी आयोजन को लेकर सम्मेलन के संयोजक शिक्षाविद डा.अशोक पंत ने कुमाउनी भाषा प्रेमियों, रंगकर्मियों, रचनाकारों से सम्मेलन में प्रतिभाग करने की अपील की है। नवोदय पर्वतीय कला केन्द्र हेमराज सिंह बिष्ट का दिलीप सिंह खेतवाल स्मृति कर्मवीर पुरस्कार के लिए चयन होने पर सीमांत सहित अन्य जनपदों में खुशी की लहर है। इधर संस्कृति प्रेमी हेमराज सिंह बिष्ट ने सभी का आभार व्यक्त किया है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।