पंच प्रदर्शन : सीमांत के पंच कजाकिस्तान में दिखेंगे संग
अंतरराष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में पहली बार देश का प्रतिनिधित्व

पिथौरागढ – सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के पांच बाक्सर अंतरराष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में पहली बार देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिसको लेकर सीमांत में खुशी व्याप्त है। कल यानि 21 अक्टूबर से कजाकिस्तान में शुरू हो रही अंतर्राष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में पहली बार जिले के पांच खिलाड़ी एक साथ देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में 21 अक्टूबर से चार नवंबर तक आयोजित हो रही एशियन यूथ एवं जूनियर बाक्सिंग चैम्पियनशिप मे सीमांत पिथौरागढ़ जिले के बृजेश टम्टा, नेहा लुंठी, निकिता चंद, दीपा मेहता और काजल फर्स्वाण का चयन हुआ है। प्रतियोगिता में बृजेश और नेहा 46 किलो भार वर्ग, निकिता 60 किलो भार वर्ग, दीपा मेहता 63 किलो भार वर्ग, काजल 66 किलो भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पांचों बाक्सरों में निकिता चंद इससे पूर्व भी दो बार अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लिए स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुकी हैं।
वर्तमान में ब्रिजेश टम्टा, दीपा मेहता व नेहा लुंठी साई खेलो इण्डिया सेन्टर देवसिंह मैदान में प्रशिक्षक निखिल महर से तथा काजल फर्सवाण खेल विभाग के अधीन आवासीय बालिका बॉक्सिग छात्रावास के प्रशिक्षक कै. देवी चंद व सुनीता मेहता से तथा निकिता चंद बिजेन्द्र बाक्सिंग क्लब में विजेन्द्र मल्ल से बॉक्सिग खेल की बारीकियां सीख रहे हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि देश का प्रतिनिधित्व कर रहे पांच बाक्सरों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता था, जिसके आधार पर पांचों बाक्सरों का चयन एशियन यूथ एवं जूनियर बाक्सिंग चैम्पिनशिप के लिए हआ है। सभी खिलाड़ी कजाकिस्तान रवाना हो गये हैं। अंतरराष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने पर जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों व खिलाड़ियों ने खुशी व्यक्त करते हुए पांचों बाक्सरों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।