PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : एक गांव ऐसा जहां वर्षाकाल शुरू होते ही ग्रामीण हो जाते हैं अलग

जिलाधिकारी से ग्रामीणों ने लगाई समस्याओं के समाधान की गुहार

सीमात जनपद पिथौरागढ़ के विकास खंड मुनस्यारी का एक गांव ऐसा है जहां पर वर्षाकाल के चार माह तक दो अलग.-अलग तोकों में रहने वाले आपस में नहीं मिल पाते हैं।

 

गांव के विद्यालय को दो अलग.अलग स्थानों पर संचालित करना पड़ता है। नदी के एक तरफ के तोकों के बच्चे विद्यालय में तो दूसरे तोकों के बच्चे नदी के दूसरी तरफ आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ते हैं। गांवों से हुए पलायन के बाद भी ग्राम पंचायत की आबादी लगभग 1065 है। इसके बाद भी आज तक यह ग्राम पंचायत एक पुल के तरस रही है और संचार सेवा से वंचित है। यह मुनस्यारी की टांगा ग्राम पंचायत है। ग्राम पंचायत में चार तोक गांव टांगा, लोदी, दानीबगड़ और लोधियाबगड़ हैं।

 

शायद विकास खंड मुनस्यारी का यह टांगा गांव प्रदेश का एक मात्र ऐसा गांव होगा जहां मानसून काल में दो नदियां एक ग्राम पंचायत को अलग-अलग कर देती है । जिसका मुख्य कारण टांगा नदी पर पुल का नहीं होना है। ग्राम पंचायत दो नदियों से घिरे टांगा भूस्खलन की चपेट में है। बीते 2020 में भारी भूस्खलन से यहां पर कई जानें चली गई थी। आज के दौर में भी यहां पर नदी में एक ऐसी गरारी लगाई गई है जिससे नदी पार करने के लिए दो लोगों की आवश्यकता होती है। पुल के अभाव में स्कूली बच्चों को बरसात में अलग . अलग स्थानों पर पढऩा पड़ता है। आधे बच्चों को विद्यालय में शिक्षक पढ़ाते हैं तो आधे बच्चों को नदी के दूसरी आंगनबाड़ी कार्यकत्री पढ़ाती है।

 

ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2014 में टांगा नदी में मुख्यमंत्री घोषणा में पुल की स्वीकृति मिली। दस वर्षों बाद भी पुल के लिए बजट स्वीकृत नहीं हुआ है। सेराघाट पास से बनी लोदी मोटर मार्ग का डामरीकरण नहीं हो पाया है। सड़क की दशा दयनीय है जिसके चलते सरकारी कर्मी तक यहां जाने से कतराते हैं। संचार नहीं होने से अन्यत्र पढऩे वाले विद्यार्थी अवकाश में भी गांव नहीं जाते हैं, वर्तमान में ऑनलाइन पढ़ाई होती है। गांव में काफी लोग सेना से सेवानिवृत्त्त हैं और गांव से पलायन रोकने को गांव में ही निवास करते हैं परंतु उन्हें सामान्य सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।

 

ग्रामीणों ने 115 किमी दूर जिला मुख्यालय पहुंच कर जिलाधिकारी को अपनी समस्याएं सुनाई । ग्रामीणों की समस्याएं सुन कर डीएम रीना जोशी ने बीएसएनएल के सहायक अभियंता को टांगा जाकर मोबाइल टॉवर के लिए सर्वे के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता लोनिवि को पुल और सड़क के लिए बजट जारी करने के लिए तत्काल प्रयास करने को कहा। इस संबंध में स्वयं लोनिवि सचिव से बात करने का ग्रामीणों को आश्वासन दिया। जिलाधिकाीर से भेंट करने वालों में सूबेदार धर्म सिंह परिहार, भगवान सिंह परिहार, ललित परिहार, गोंविंद परिहार, धर्मेद्र सुयाल, प्रेम सिंह सेनरी, विक्रम बथ्याल, जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया सहित अन्य शामिल थे।

 

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते