पिथौरागढ़ : पशुधन सहायक के निधन पर शोक व्यक्त
मर्तोली गांव के लमगाड़ा बुग्याल में हृदय गति रुकने से हुआ निधन

बीते दिनों पशुपालन विभाग में कार्यरत दिवंगत दान सिंह के निधन पर पिथौरागढ़ मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. योगेश भारद्वाज, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. पंकज जोशी सहित विभागीय अन्य कर्मियों ने शोक व्यक्त कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
मिली जानकारी के अनुसार बीते शनिवार को पशुपालन विभाग के राजकीय भेड़ प्रजनन प्रक्षेत्र बारापट्टा में कार्यरत कार्मिक पशुधन सहायक दान सिंह का मर्तोली गांव के लमगाड़ा बुग्याल में हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। पशुपालन विभाग में पशुधन सहायक के पद पर कार्यरत दान सिंह पुत्र देव सिंह ग्राम सुन्यूडा गंगोलीहाट विभागीय कार्य से (भेड़ो के साथ बुग्याल प्रवास) मर्तोली गांव के लमगाड़ा बुग्याल, मुनस्यारी गये थे। शनिवार की रात्रि उनके निधन की सूचना पशुपालन विभाग को मिली और विभाग द्वारा जिला प्रशासन तथा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी।
शव लाने के लिए हेली की व्यवस्था न होने पर पशुपालन विभाग के कार्मिक डॉ. नवीन आर्या पशुचिकित्साधिकारी के नेतृत्व में भगवान सिंह पंचपाल पशुधन प्रसार अधिकारी, कुन्दन सिंह पशुधन प्रसार अधिकारी, निरंजन वर्मा वैटनरी फार्मासिस्ट, डॉ. मनीष कुमार पशुचिकित्सक, बहादुर सिंह पशुधन सहायक, मुनस्यारी थाना से उपनिरीक्षक देवेन्द्र बिष्ट, कॉस्टेबल विरेन्द्र यादव व राजस्व विभाग के राजस्व उपनिरीक्षक दिनेश भण्डारी, होम गार्ड देवेन्द्र सिंह तथा परिजनों के साथ शव को स्टेचर में बाँधकर तथा कधे में रखकर दुर्गम व चट्टनी रास्तों से लगभग 25 किमी. से अधिक की पैदल दूरी तय कर डोसाकमर पंहुचे। वहां से शव को लेकर बीआरओ के वाहन से बुग्डियार पंहुचे।
बुग्डियार से एसडीआरएफ की टीम के सहयोग से शव को मुनस्यारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। जहां पोस्टर्माटम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। बीते मंगलवार सायं थल में परिजनों द्वारा अन्तिम संस्कार किया गया। कर्मी की मौत पर विभागीय अधिकारियों सहित कर्मियों ने शोक व्यक्त किया है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।