पिथौरागढ़ : पूर्व सैनिक संगठन के कार्य सराहनीय : जिलाधिकारी
विभिन्न कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया संगठन का चौथा स्थापना दिवस

पूर्व सैनिक संगठन का चौथा स्थापना दिवस पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के साथ बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रीना जोशी की उपस्थिति में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने संगठन द्वारा सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।
उन्होंने शहीद सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि पूर्व सैनिक संगठन समाज को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने युवाओं को सेना और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण आयोजन करने व पूर्व सैनिकों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न प्रशिक्षणों के लिए भी संगठन के प्रयासों की सराहना की।
जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिक राजेंद्र जोशी, देव सिंह भाटिया, धर्म सिंह, शेर सिंह शाही आदि को उनके विशिष्ट कार्य को लेकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों की शासन स्तर पर लंबित किसी तरह की समस्याओं के समाधान को लेकर उचित प्रयास किए जाने की बात कही।
सम्मेलन में दूरस्थ क्षेत्रों, मुनस्यारी, मदकोट, देवलथल, लोहाघाट सहित अन्य स्थानों के पूर्व सैनिकों व वीरागंनाओं द्वारा सम्मेलन में खासी संख्या में प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर डा. अशोक कुमार पंत, विप्लव भट्ट, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष मेजर ललित सिंह आदि मौजूद थे। संचालन संगठन के उपाध्यक्ष मयूख भट्ट द्वारा किया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।