पिथौरागढ़ : सड़क बंद,अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही दिव्यांग युवती ने तोड़ा दम
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार एडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, क्षेत्रवासियों में आक्रोश
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।
बर्षाकाल के चलते सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के कई मार्गो में मलबा आने से लोगों को खासी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। इधर बंद मार्ग के चलते एक दिव्यांग युवती के अस्पातल नहीं पहुंच पाने व समय पर उपचार नहीं मिलने से उसे अपनी जान गंवानी पड़ी, जिससे क्षेत्रवासियों में खासा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने बीते दिवस बंद सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों को शीघ्र सड़क खोलने के निर्देश दिए।
बीते दिनों हुई भारी वर्षा के चलते बांस.खतीगांव सड़क में तल्लीसार के निकट चट्टान दरकने से मार्ग अवरूद्ध हो गया, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवाजाही करने सहित कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र पंचायत सदस्य सोबन सिंह ने बताया कि तल्लीसार निवासी 30 वर्षीय दिव्यांग युवती गंगा, पुत्री हरक सिंह कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थी। बीते तीन रोज पूर्व अचानक युवती की तबियत बिगड़ने पर ग्रामीण डोली के माध्यम से जान हथेली पर रखकर चट्टानी मार्ग के बीच से उसे बमुश्किल सड़क के दूसरी ओर पहुंचाया गया, लेकिन युवती ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने इसे विभागीय लापरवाही और इसका जिम्मेदार विभाग व प्रशासन को ठहराते हुए रोष प्रकट किया। सूचना पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बिरेंद्र सिंह बोहरा ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन को घटना की जानकारी दी। जिलाधिकारी के निर्देश पर बीते दिवस बुधवार को अपर जिलाधिकारी डा. शिव कुमार बरनवाल ने लोनिवि के अधिकारियों के साथ बांस-खतीगांव सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र सड़क खोलने के निर्देश दिए। इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बिरेंद्र बोहरा, ललित सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोबन सिंह, जमन सिंह, भरत सिंह, कमल सिंह, आनंद सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।