पुरानी यादें ताजा : शीतकाल में जीआइसी खेल मैदान में क्रिकेट खेलते पल आए याद
जस्टिस तिवारी के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनने पर हर्ष प्रकट ........

नैतीताल/पिथौरागढ़ : हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को उत्तराखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने पर यहां सीमांत में खुशी की लहर है। बता दें कि उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश विपिन सांघी आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं, उनके स्थान पर हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को उत्तराखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद बुधवार को इस आशय का गजट नोटिफिकेशन जारी हो गया है।

संक्षिप्त परिचय में …
न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी का जन्म 19 सितम्बर 1965 को पिथौरागढ़ में हुआ। उनके पिता एनबी तिवारी एक नामित वरिष्ठ अधिवक्ता रहे हैं जबकि उनके दादा राम दत्त भी जिला पिथौरागढ़ में एक प्रमुख अधिवक्ता थे। उनकी 10 वीं तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय पिथौरागढ़ में हुई। उन्होंने ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ से किया। वर्ष 1990 में दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी तथा वर्ष 1990 में बार काउंसिल ऑफ यूपी इलाहाबाद में वे पंजीकृत हुए और उच्च न्यायालय, इलाहाबाद में प्रैक्टिस शुरू की। वर्ष 2000 में उत्तराखंड उच्च न्यायालय बनने पर वे नैनीताल स्थानांतरित हो गए और उत्तराखंड उच्च न्यायालय में वकालत करने लगे। 20 मई 2009 को उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया।
वर्ष 2008 में वे हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, नैनीताल के अध्यक्ष बने। उन्होंने विभिन्न मामलों में राज्य सरकार की ओर से विशेष अधिवक्ता के रूप में पैरवी की। 19 मई 2017 को उन्हें उत्तराखंड उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी के हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनने पर हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं व न्यायिक अधिकारियों में खुशी का माहौल है। हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को उत्तराखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने पर पिथौरागढ़ अधिवक्ता संस्थाध्यक्ष मोहन चंद्र भट्ट सहित समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों ने खुशी व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

इधर पिथौरागढ़ सीमांत जनपदवासियों सहित छात्र जीवन के साथियों ने भी खशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। जिला मुख्यालय के टकाना में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष, सामाजिक कार्यकर्ता भगवान रावत की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज तिवारी को हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाएं जाने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। इस दौरान उनके छात्र जीवन के साथी रहे भगवान रावत ने उनके साथ शीतकाल में जीआइसी खेल मैदान में क्रिकेट खेलने आदि पलों को याद करते हुए उन्हें बहुआयामी व्यक्तित्व का धनी बताते हुए प्रेरणास्रोत बताया। खुशी व्यक्त करने वालों में मनोज ठगुराठी, धमेंद्र जोशी, चेतना सिंह, प्रशात जोशी, अनिल मनोला, विपिन पांडे सहित कई लोग मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।