मेनका और ब्रिजेश ने किया जिले का नाम रोशन
सीमांतवासियों ने दी शुभकामनाएं

सीमांत जनपद पिथाौरागढ़ के उच्च हिमालय क्षेत्र स्थित गुंजी गांव की मेनका गुंज्याल ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित खेलों इंडिया प्रतियोगिता में जनपद सहित प्रदेश का मान बढ़ाते हुए गोल्ड व सिल्वर मेडल प्राप्त किया है। जिसको लेकर सीमांत में खुशी की लहर है। चौथे खेलो इंडिया प्रतियोगिता के तहत कश्मीर में उत्तराखंड की बेटी मेनका गुंज्याल ने गुलमर्ग कश्मीर स्कीइंग पर्वतारोहण स्प्रिंट रेस में गोल्ड मेडल तथा सिल्वर मेडल जीतकर कीर्तिमान स्थापित किया।
इस मौके पर आयोजित स्कीइंग पर्वतारोहण वर्ट रेसिंग 4500 मीटर से अधिक ऊंची पीर पंजाल रेंज में सार्क फिंन स्कीइंग डाउन किया। मेनका की इस उपलब्धि पर प्रदेश सहित जिले में खुशी की लहर है। जिसको लेकर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाडियों सहित कई लोगों ने मेनका को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने जनपद आगमन पर मेनका का धारचूला में नागरिक अभिनंदन करने की बात कही। है।
पिथौरागढ़ सीमांत जनपद के जगतड़ गांव निवासी ब्रिजेश टम्टा का यूथ वर्ल्ड बॉक्सिंग कप के लिए चयन हुआ है। जिला खेल अधिकारी प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्रिजेश टम्टा का चयन बुडवा, मंटेनेग्रो में आगामी 03 से 11 मार्च तक आयोजित होने वाले यूथ वर्ल्ड बॉक्सिंग कप के लिए किया गया है। ब्रिजेश 48 किग्रा, पुरुष भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। पिछले साल कजाकिस्तान के अस्ताना में हुई जूनियर एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में ब्रिजेश गोल्ड मेडल जीत चुके हैं और वह वर्ष 2023 में आर्मेनिया में हुई जूनियर विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय दल का हिस्सा थे।
ब्रिजेश अपने कोच निखिल महर से स्मॉल खेलो इंडिया सेंटर देवसिंह मैदान में प्रशिक्षण ले रहे है। वर्तमान में वह टीम इंडिया के सदस्य के रूप में राष्ट्रीय खेल अकादमी रोहतक में हैं। उनके पहले कोच प्रकाश जंग थापा और भास्कर चंद्र भट्ट थे। ब्रिजेश के पिता फकीर राम प्राइवेट नौकरी करते हैं। पिथौरागढ़ के लाल की इस उपलब्धि पर जनपद के जनप्रतिनिधियों, खेल विभाग, कैप्टन हरि सिंह थापा जिला मुक्केबाजी संघ एवं खिलाड़ियों ने शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।