लोकतंत्र में विपक्ष को जनता की आवाज उठाने का पूरा हक : अंजू
नोटिस जारी व चालान की कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त

पिथौरागढ़ सीमांत जनपद के विकास और आम जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर कांग्रेस पार्टी पूर्व से प्रयासरत है और भविष्य में भी रहेगी। आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कांग्रेस पार्टी नैनी सैनी हवाई सेवा शुरू करने, बेस अस्पताल को सही तरीके से संचालित करने सहित अन्य समस्याओं के निस्तारण की मांग करते आ रही है, लेकिन भाजपा सरकार को आम जनता से कोई सरोकार नहीं लगता। यह बात आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी ने एक प्रेस को जारी बयान में कही है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिथौरागढ़ जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान धरना, विरोध प्रदर्शन क़ी आशंका को देखते हुए 07 कांग्रेसी नेताओं महेंद्र लुंठी, मुकेश पंत, भुवन पांडे, चंचल बोरा, करन सिंह, अभिषेक बोहरा व ऋषभ कल्पासी को नोटिस जारी व चालान की कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त की है।
जिलाध्यक्ष लुंठी ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को जनता की आवाज उठाने का पूरा हक है और कांग्रेसजन शांतिपूर्वक तरीके से जिले के विकास से जुड़े मुद्दों की बात कर रहे हैं तो सरकार के दबाव में प्रशासन इस तरह की कार्रवाई कर भय पैदा करने का कार्य कर रहा जो सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस तरह की कार्रवाई से डरने वाली नहीं है और आम जनता के हितों के लिए लोकतान्त्रिक तरीके से संघर्ष करती रहेगी। इधर कांग्रेसी नेता भुवन पांडे, करन सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त की है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।