वनाग्नि घटनाओं व पेयजल समस्या को लेकर सीएम गंभीर, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
क्षेत्र पंचायत समिति की बैठकों का रोस्टर जारी

प्रदेश में वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम, ग्रीष्मकाल में पेयजल की समस्या के त्वरित समाधान एवं आगामी सप्ताह से प्रारंभ होने जा रही चार धाम यात्रा की पूर्व तैयारी के संबंध में सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की तथा प्रदेश के सभी उच्चाधिकारियों तथा सभी जिलाधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने समीक्षा करते हुए वनाग्नि घटना होने पर त्वरित कार्यवाही करते वनाग्नि को तत्काल नियंत्रित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा वनाग्नि की घटना पर रिस्पांस समय कम से कम हो। उन्होंने वन विभाग मुख्यालय देहरादून में तैनात प्रत्येक उच्च अधिकारी को एक जिले के प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी सौंपते हुए प्रत्येक घटना व प्रत्येक दिन की सूचना एकत्रित करते हुए तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि प्रभागीय वनाधिकारी तथा उनसे उच्च स्तर के अधिकारी फील्ड में निकलकर वनाग्नि की रोकथाम की कार्यवाही करें। कहा कि निचले से लेकर ऊपरी स्तर के प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि वनाग्नि की घटनाओं में पूर्ण नियंत्रण रखा जाए।
अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जिलाधिकारी वनाग्नि नियंत्रण हेतु जो भी उचित निर्णय है वह लेते हुए तत्काल कार्यवाही करें। ग्रीष्मकाल में पेयजल की समस्या के समाधान हेतु की जा रही आवश्यक व्यवस्था आदि की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या अधिक है वहां वैकल्पिक रूप से टैंकर आदि के माध्यम से पेयजल आपूर्ति कराई जाए। जहां हैंडपंप सूख गए हैं उनके कारणों की जांच की जाए। अगर उनकी गहराई मानक से कम की गई है तो संबंधित जिम्मेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई करते हुए हैंड पंप को तत्काल ठीक कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर कहीं भी पानी की बर्बादी न हो यह देखे जाने की प्रत्येक जिलाधिकारी की जिम्मेदारी होगी तथा लीकेज नलों को तत्काल ठीक कराया जाए। जल स्रोतों के पुनर्जीवन का कार्य नियमित कराया जाए। जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य किया जाए जो पुराने जल स्रोत, तालाब आदि हैं उन्हें पुनर्जीवित कराया जाए। उन्होंने कहा कि पानी को बचाना आवश्यकीय है इस हेतु जागरूकता अभियान चलाया जाए। प्रत्येक सरकारी भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किया जाए। मुख्यमंत्री द्वारा चार धाम यात्रा की भी समीक्षा करते हुए आगामी 10 मई तक सभी तैयारी पूर्ण करने के निर्देश संबंधितों को दिए गए।
इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी चंपावत आरसी कांडपाल ने बताया कि जिले में वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम हेतु कुल 53 क्रू स्टेशन बनाए गए हैं जिसमें 238 फायर वाचर रखे गए हैं। वन विभाग के कार्मिकों के साथ ही 07 होमगार्ड 11 वाहन लगाए गए हैं। 04 वाहन आपदा विभाग से लगाए गए हैं। 24 घंटे वन विभाग की टीम वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम हेतु कार्य कर रही है। प्रभागीय वनाधिकारी ने अवगत कराया कि जिले में 55 वनाग्नि की घटनाओं में रिजर्व फॉरेस्ट में 36.89 हेक्टेयर में वनाग्नि बुझाई गई है। इन घटनाओं में 37 मामले दर्ज किए गए हैं जिनमें 11 नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शासन से मुख्य सचिव राधा रतूड़ी सहित अन्य उच्चाधिकारी तथा जनपद चंपावत से प्रभागीय वनाधिकारी आरसी कांडपाल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी हेमन्त कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी सदर सौरभ असवाल, जिला विकास अधिकारी दिनेश दिगारी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान बिलाल युनुस, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम वीके पाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में क्षेत्र पंचायत समिति की बैठकों का रोस्टर जिलाधिकारी रीना जोशी ने निर्धारित कर जारी कर दिया। जारी रोस्टर के अनुसार जिले के विकासखण्ड विण की क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक 26 जुलाई 2024, 30 अक्टूबर 2024 एवं 31 जनवरी 2025 को विकासखंड मूनाकोट की बैठक 20 जुलाई 2024, 19 अक्टूबर 2024 एवं 25 जनवरी 2025, विकासखंड बेरीनाग की 12 जुलाई 2024, 11 अक्टूबर 2024 एवं 16 जनवरी 2025, विकासखंड गंगोलीहाट की बैठक 06 जुलाई 2024, 05 अक्टूबर 2024 एवं 04 जनवरी 2025, विकासखंड कनालीछीना की बैठक 26 जून 2024, 27 सितंबर 2024 एवं 27 दिसंबर 2024, विकासखंड डीडीहाट की बैठक 25 जून 2024, 21 सितंबर 2024 एवं 21 दिसंबर 2024, विकासखंड धारचूला की बैठक 15 जून 2024, 13 सितंबर 2024 एवं 13 दिसंबर 2024 व विकासखंड मुनस्यारी की बैठक 07 जून 2024, 06 सितंबर 2024 एवं 07 दिसंबर 2024 को आयोजित की जाएंगी।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।