विशेष : पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने मोदी
भाजपा पदाधिकारियों ने जताया आभार

पिथौरागढ़ – बीते दिनों सीमांत जनपद भ्रमण पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उच्च हिमालय क्षेत्र के आदि कैलास, गुंजी, ज्योलिकोंग आदि का भ्रमण करने से जहां क्षेत्र को विशेष पहचान मिली है वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदि कैलाश यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री भी बन गए। इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा पीएम का भव्य स्वागत किया और पूजा-अर्चना करवाई।

कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर भाजपा प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने उच्च हिमालय क्षेत्र के देश के प्रथम गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से भेंट की और व्याप्त समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा के साथ ही ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी और जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी के नेतृत्व में गुंजी, नाबी, ज्योलिकांग पहुंचे। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमा क्षेत्र से लगे गांवों को देश के प्रथम गांव घोषित करने के साथ ही वे सीमांत क्षेत्र के विकास को लेकर लगातार प्रयासरत हैं। उन्होनें गांवों को वाइब्रेंट विलेज घोषित करने के साथ ही आवश्यक सुविधायें उपलब्ध कराने में कोई कसर नही छोड़ी है। जिसके तहत संचार, सड़क और पर्यटन विकास पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी ने कहा कि ज्योलिकांग तक सड़क बन जाने से अब क्षेत्र का विकास तेजी से होगा। प्रधानमंत्री के क्षेत्र भ्रमण से आदि कैलास और ऊं पर्वत को पूरे देश सहित विश्व में एक विशेष नई पहचान मिली है। जिससे क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उच्च हिमालय क्षेत्र में पहुंचे भाजपा पदाधिकारियों को स्थानीय लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। भ्रमण कार्यक्रम में गणेश भंडारी, मनोज सामंत, इंद्र लुंठी,विनीत पाठक, गेहराज पांडे, रघुवीर बिष्ट, पुष्कर भाटिया, कमल पुनेड़ा, हरीश रावत, दीपक ठकुराठी, रोहित ओझा, रोहन बिष्ट, रामदेव वर्मा, अक्षय शाह, भूपेंद्र महर, प्रकाश जोशी, दिनेश कापड़ी सहित अन्य पदाधिकारियों ने ऊं पर्वत, आदि कैलास के दर्शन करने के साथ पूजा- अर्चना की।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।