पिथौरागढ़ : घर को लौट रही महिला गिरी नदी में
नदी में पुल निर्माण नहीं होने से आक्रोश

दो जनपदों पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के मध्य बहने वाली रामगंगा नदी पर लगी ट्राली से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई के चलते बमुश्किल महिला की जान बच पाई।
बीते दिवस नाचनी निवासी अनीता कांडपाल 28 वर्ष जानवरों के लिए जंगल से चारा ला रही थी। रामगंगा नदी पर लगी ट्राली से घास लेकर लौटते समय अचानक ट्राली से छिटक कर सीधे रामगंगा में गिर गई। महिला को नदी में गिरते देख नाचनी बाजार में मौजूद स्थानीय लोगो ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर ऊफनाई रामगंगा नदी से मशक्कतों के बाद महिला को बचा लिया। इस दौरान महिला घायल हो गई और ट्राली से गिरने से सदमे में आ गई ।
घायल महिला को उपचार के लिए थल के गोचर अस्पताल पहुंचाया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बताते चलें कि पिथौरागढ़ और बागेश्वर को जोडऩे वाला रामगंगा नदी पर बना लोहे का पैदल पुल वर्ष 2018 में बह गया था। पुल बहने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था के लिए एक भारी भरकम ट्राली लगाई गई।
जानलेवा ट्राली से इन सात वर्षों के बीच दो लोग जान गंवा चुके हैं और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। बीते छह वर्षो से पुल निर्माण का प्रस्ताव आज तक धरातल पर नहीं उतर सका है। पुल निर्माण नहीं होने से नाचनी सहित बागेश्वर जिले के आठ गांवों के ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
इसी ट्राली से प्रतिदिन बागेश्वर के गांवों के दर्जनों बच्चे पढऩे के लिए नाचनी के विद्यालयों में आते हैं। उनके अभिभावकों को दिन में दो बार ट्राली की रस्सियां खींच कर नदी पार करानी पड़ती है। ग्रामीण बीते लंबे समय से शासन प्रशासन से पुल निर्माण की मांग करते आ रहे हैं पर अभी तक इस मामले में कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। जिससे क्षेत्रवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।