पिथौरागढ़ : 60 दिन में 750 से अधिक किलोमीटर की नंगे पांव पैदल यात्रा
बाल भिक्षा और बालश्रम के खिलाफ चलाया जागरूकता अभियान

बाल भिक्षा और बालश्रम के खिलाफ राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अजय ओली द्वारा पीसीएम ग्रुप के साथ मिलकर शुरू की गई नंगे पांव पैदल यात्रा का अल्मोड़ा में समापन हो गया।
राष्ट्रीय पुरुस्कार विजेता अजय ओली व घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक द्वारा देशभर में पैदल यात्रा कर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया था। संस्थाध्क्ष अजय ओली ने बताया कि इस पूरी यात्रा के दौरान उन्होंने रोजाना 15 से 20 किलोमीटर से अधिक की नंगे पांव पैदल यात्रा कर लोगों को बालश्रम, बाल भिक्षा और हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने के लिए जागरूक किया।
बताया कि इस पूरी यात्रा के दौरान वह 16 राज्यों के 70,000 से अधिक बच्चों से मिले और उन्हें ‘एजुकेशन ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम से जोड़ अभियान सफल बनाया। उनका मुख्य उद्देश्य शिक्षा से वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और बालश्रम या बाल भिक्षा में लिप्त बच्चों को उस से दूर कर उनका जीवन संवारना है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व उनके द्वारा उत्तर भारत की 35 यात्राएं की गई हैं और यह उनकी उत्तर से दक्षिण भारत को जोड़ने वाली पहली बड़ी यात्रा है।
उन्होंने बताया कि पीसीएम वर्ल्डवाइड संस्था के साथ मिलकर उनकी यात्रा उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, केरल, गोवा, गुजरात को पूरा कर राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, चंडीगढ़, हिमाचल को पूरा कर देहरादून पहुंची। बताया कि यात्रा के दौरान वे कैबिनेट मिनिस्टर शिवराज सिंह चौहान, श्रीपद नायक, अजय टम्टा और अन्य से भी मिले और अपने अभियान को उनके साथ साझा किया।
भारत के जाने माने विद्यालयों में उन्होंने इस अभियान के दौरान जागरूकता अभियान कर हजारों बच्चों को इस अभियान से जोड़ और सोशल क्लब भी बनाए जिसके माध्यम से बच्चे स्वयंसेवक की तरह इस अभियान से जुड़ समाज से बालश्रम और बाल भिक्षा के खिलाफ काम करेंगे। उन्होंने बताया कि देहरादून, रुड़की और अन्य उत्तराखंड के शहरों में बड़े स्तर पर बाल भिक्षा और बाल श्रम के खिलाफ आंदोलन कर बच्चों को भीख की जगह कौशल विकास से जोड़ उनके भविष्य को सुधारा जाएगा।
अजय ने बताया कि इससे पूर्व सोसाइटी द्वारा कई बच्चों पर काम कर 17,000 से अधिक बच्चों को मुख्य धारा से जोड़ा है। पिथौरागढ़ में एजुकेशन ऑन व्हील्स के अंतर्गत 40 बच्चे ले रहे हैं। कई बच्चे संस्था में ही रहते भी हैं जिनका पूरी जिम्मेदारी संस्था उठाती है। गौरतलब है कि 17000 से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और 4 लाख से अधिक युवाओं को अब तक जागरूक करने वाले अजय ओली को भारत सरकार द्वारा 2021 में राष्ट्रीय युवा पुरुस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही 2018 में उनका नाम सबसे लंबी नंगे पांव जागरूकता यात्रा करने के लिए लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अंकित है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।