पिथौरागढ़ : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और विधायक ने गुंजी में दिया धरना
लगाए स्थानीय लोगों की उपेक्षा के आरोप, कांग्रेसियों ने किया भव्य स्वागत

सीमांत जनपद के उच्च हिमालयी क्षेत्र गुंजी पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन महरा ने सीमांत वासियों की उपेक्षा के आरोप सरकार पर लगाते हुए धरना दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश भर के विभिन्न स्थानों से लोग ओल्ड लिपु पहुंच कर कैलास दर्शन कर रहे हैं परंतु स्थानीय लोगों को जाने की अनुमति तक नही दी जा रही है। जो सरासर स्थानीय लोगों की उपेक्षा को दर्शा रहा है।
भारत में पहली बार सीमा के अवैतनिक प्रहरियों के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। स्थानीय जनता के प्रति सरकार की इस अवहेलना को कांग्रेस सहन नहीं करेगी और इस मामले में सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार सरकार हर क्षेत्र में विफल साबित हो रही है।
इस दौरान उन्होंने पर्यटन में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दिए जाने की बात कहते हुए सरकार से तत्काल कैलास दर्शन यात्रा संचालन के लिए स्थानीय लोगों को अनुमति प्रदान करने की मांग की । इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों की भूमि पर सेना द्वारा किए जा रहे कब्जे पर भी रोष जताया।
धरने के दौरान विधायक हरीश धामी ने कहा कि स्थानीय लोगों को ओल्ड लिपु जाने की अनुमति नहीं देना सीमांत की जनता को अपमानित करना है। जिससे जनता में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को ओल्ड लिपु जाने की शीघ्र अनुमति नहीं मिली तो कांग्रेस आम जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरेगी ।
इससे पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा व पूर्व विधायक रणजीत रावत का जौलजीबी पहुंचने पर विधायक हरीश धामी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागगत किया। इस अवसर वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप पाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डीडीहाट मनोहर टोलिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नंदा बिष्ट, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पंकज मेहरा, बागेश्वर जिलाध्यक्ष भगत डसीला, पूर्व दर्जा मंत्री महेंद्र लुंठी, खीमराज जोशी, राजू धामी, ईश्वर भंडारी, धीरेंद्र धर्मशक्तू, धारचूला ब्लाक अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, रामू रोकाया, डा. रमेश चंद, प्रकाश पेतोला, सुनील कुमार, जीवन मेहरा आदि मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।