पिथौरागढ़ : उपचार के दौरान एक व्यक्ति ने तोड़ा दम
परिजनों का नहीं चल पा रहा पता, पुलिस जानकारी जुटाने में जुटी

पिथौरागढ़ जिला चिकित्सालय में भर्ती एक बुजुर्ग ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। व्यक्ति के जेब में मिले आधार कार्ड के आधार पर पुलिस द्वारा संपर्क किया गया तो सही पहचान नहीं हो पा रही है, पुलिस ने मृत व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम हाउस में रख दिया है।
पुलिस मीडिया सैल से मिली जानकारी के अनुसार बीते तीन दिवस पूर्व 108 कर्मियों द्वारा एक बुजुर्ग का स्वास्थ खराब होने पर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। बताया गया है कि बुजुर्ग व्यक्ति स्टेशन के निकट बीमार हालत में मिला था। आज उपचार के दौरान व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
अस्पताल पहुंची पुलिस टीम को मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला है, जिसमें उसका नाम ललित जोशी पुत्र कैलाश जोशी, निवासी 37 नेशनल रोड देहरादून अंकित है। पुलिस द्वारा कार्ड पर अंकित पते पर सम्पर्क किया तो पता चला कि यह व्यक्ति कुछ समय पूर्व तक वहां एक होटल में काम करता था और उसने इसी पते पर आधार कार्ड बनवाया था। होटल कर्मियों ने पुलिस को बताया कि मृतक ललित जोशी संभवतया पिथौरागढ़ का रहने वाला था।
अब पुलिस मृतक के परिजनों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललित मोहन जोशी ने बताया कि शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखा जायेगा, इसके बाद पोस्टमार्टम कर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने यदि किसी व्यक्ति को उक्त शव के संबंध में जानकारी हो तो प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ को 9411112888 व 9837999994 नम्बरों पर संपर्क करने को कहा है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।