पिथौरागढ़ : आंगन में च्यूड़े कूट रही महिलाओं पर हमला
गुलदार के हमले से क्षेत्र में दहशत व्याप्त, तीन घायल

पिथौरागढ़ के बांस क्षेत्र में खतीगांव के सलकोट में आज सुबह घर के पास ही तीन महिलाओं पर गुलदार ने हमला बोल दिया, हमले में तीन महिलाएं घायल हो गई। सुबह हुए गुलदार के हमले से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों द्वारा घायल महिलाओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंचने के बाद मौके को रवाना हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर खतीगांव ग्राम सभा के सलकोट में आज बुधवार की सुबह घर के आंगन में च्यूड़े कूट रही तीन महिलाओं पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। महिलाओं के हल्ला मचाने पर घरों में मौजूद लोग बाहर निकले और सभी के हल्ला करने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। हमले में पदमा देवी, कस्तूरा देवी व मीना देवी घायल हो गई। जिसमें से दो महिलाओं के पांव व एक महिला के हाथ में जख्म बताए जा रहे हैं।
आनन- फानन में ग्रामीणों द्वारा महिलाओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी था। हमले की सूचना परवन विभाग रेंजर पूरन सिंह देउपा की अगुवाई में उप वन क्षेत्राधिकारी कुणाल बिष्ट, वन दरोगा तेज सिंह, महिमा स्यालाकोटी, वन आरक्षी गिरीश जोशी, मनोज ज्याला, प्रियंका पंत, नीलम जोशी, प्रकाश जोशी, योगेश पांडे भारती मौके को रवाना हो गए। इधर गुलदार के हमले से भयभीत ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र गुलदार के आतंक से निजात दिलाए जाने की मांग की है।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।