भूस्खलन से सड़क मार्ग बाधित होने से परेशानियां, समाधान की मांग
समस्या के शीघ्र समाधान की मांग को सौंपा ज्ञापन

देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के शिष्ट मंडल ने आज केन्द्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री, अजय टम्टा से भेंट कर क्वारब स्थित पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन से अल्मोड़ा – नैनीताल राज्य सड़क मार्ग के बार-बार बाधित होने से लोगों को होने वाली समस्या के समाधान को लेकर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने इस मांग को ज्ञापन भी सौंपा।
इस दौरान देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने कहा की बीते दो माह से अल्मोड़ा-नैनीताल हाईवे स्थित क्वारब में लगातार पहाड़ी से सड़क मार्ग में भूस्खलन का सबसे बड़ा दंश अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़ जिलों की पर्वतीय क्षेत्र को झेलना पड़ रहा है। सड़क संबंधित विभाग भी अभी तक इस समस्या के समाधान को लेकर उचित कार्य नहीं कर पाए हैं, जिस कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करने के साथ ही जान हथेली पर रखकर आवागमन करने को मजबूर हैं।
देवभूमि उद्योग व्यापार मण्डल अल्मोड़ा ने कहा कि पूर्व के वर्षाकाल के दौरान अल्मोड़ा की जनता व व्यापारियों को उक्त स्थान में भूस्खलन के कारण भारी नुकसान झेलना पड़ा है और अब मानसून की समाप्ति के बाद भी क्वारब भूस्खलन ने जनता को भारी परेशानियों में डाल दिया है। कहा कि दीप पर्व निकट है और भूस्खलन के कारण आम जनता से लेकर व्यापारी वर्ग सहित ट्रक, बस, टैक्सी सहित ट्रान्सपोर्ट व्यवसायियों को सड़क मार्ग में भूस्खलन से अतिरिक्त आर्थिक व्यय करना पड़ रहा हैं।
जिसका सीधा असर आम जनता एवं व्यापारियों की जेब पर पड़ रहा है। कहा कि दीपावली का त्योहार मनाने के लिए उक्त पर्वतीय क्षेत्रों में निवास करने वाले लाखों की संख्या में नौकरी करने वाले, जिले से बाहर अध्ययनरत छात्र व छात्राएँ व उनके परिजन अपने मूल गृह क्षेत्र में आते हैं तो उन लोगों को भी उक्त स्थान पर सड़क मार्ग की दिक्कतों से सामना करना पड़ेगा।
दीपावली त्योहार से सभी व्यापारियों को आम जनता से व्यापार में वृद्धि की काफी ज्यादा आशायें होती है परन्तु क्वारब सड़क मार्ग के आए दिन बंद रहने से व्यापारियों के कारोबार के साथ.साथ आम जनता भी प्रभावित हो रही है। इस दौरान देवभूमि उद्योग व्यापार मण्डल अल्मोड़ा व्यापारियों एवं आम जनमानस की परेशानियों को देखते हुए शीघ्र क्वारब राज्य सड़क मार्ग को पूर्ण रूप से ठीक कराने के लिए एक विशेषज्ञों की टीम गठित कर समस्या के समाधान को लेकर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’, जिला महामंत्री हिमांशु कांडपाल, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु बिष्ट, मदन रावत, राजेंद्र तिवारी, सुमित टम्टा, महिला नगर उपाध्यक्ष मनु गुप्ता, अतुल वर्मा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद पवार ‘भीमा’, जिला महिला उपाध्यक्ष वंदना वर्मा, नगर महासचिव दीप चंद्र जोशी,, नगर उपाध्यक्ष दीपक जोशी, आनंद सिंह भोज, जिला संगठन मंत्री नीरज थापा, जिला संयुक्त महामंत्री कमल बिष्ट, जिला कोषाध्यक्ष गणेश जोशी, नगर कोषाध्यक्ष रोहित साह, नगर उप सचिव जयप्रकाश पांडे, अमन टकवाल, जिला मंत्री दीपक नायक, सुधीर गुप्ता आदि व्यापारी शामिल रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।