पिथौरागढ़ : राष्ट्रीय स्तर पर चमकेंगे सीमांत के आठ खिलाड़ी
बेसिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित

सीमंात जनपद पिथौरागढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, जिसको लेकर यहां खुशी की लहर है। देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय बेसिक खेलकूद प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई खेलों में उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिले के आठ खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ियों में फुटबॉल में सिद्धार्थ गौतम, निश्चय बिष्ट व हिमांशु बिष्ट, बॉक्सिंग-भरत सिंह, बैडमिंटन- ग्रेसी रोकली, 400 मीटर दौड़- विनय सिंह ऐठानी, लंबी कूद-कविता, चक्का फेंक (चक्का क्षेपण) हंसिका चंद शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) तरुण कुमार पंत, जिला खेल समन्वयक जितेंद्र सिंह वल्दिया, जिला खेल सह समन्वयक निर्मल किशोर भट्ट, विभिन्न ब्लॉकों के खेल समन्वयक तथा विद्यार्थियों के प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। जिले के सभी आठ खंड शिक्षा अधिकारियों ने भी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







