पिथौरागढ़ : महंगाई, बेरोजगारी और निजीकरण के खिलाफ उठी आवाज
कांग्रेस की 141वीं वर्षगांठ पर जिलेभर में कार्यक्रम

कांग्रेस पार्टी की 141वीं स्थापना वर्षगांठ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्साह और संकल्प के साथ मनाई गई। सौनपट्टी क्षेत्र में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश के वीर बलिदानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान तक देश के निर्माण में कांग्रेस के योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने कहा कि आज कांग्रेस देश की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई, घटते रोजगार के अवसर और सार्वजनिक संस्थाओं को पीपीपी मोड में सौंपने की तैयारी से देश का गरीब और नौजवान वर्ग सबसे अधिक परेशान है। कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो आम जनता की आवाज बनकर इन नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रही है।
पूर्व दर्जा राज्य मंत्री महेंद्र सिंह लुंठी ने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार के नेतृत्व में देश की प्रमुख संस्थाओं और संसाधनों को बड़े उद्योगपतियों के हवाले किया जा रहा है। नीतियां आम जनता के हित में नहीं, बल्कि चंद पूंजीपतियों के लाभ को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं। राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र भट्ट ने उत्तराखंड सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल को निराशाजनक बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और सरकार के खिलाफ जन असंतोष बढ़ता जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सौनपट्टी क्षेत्र के लोगों द्वारा देश के लिए दिए गए योगदान को भी स्मरण किया गया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष निशीद उप्रेती, कोमल साही, भूपेश नगरकोटी, रोहन सौन, पंकज सौन, कपिल सौन, अप्पू चंद, कर्ण बहादुर, चंद मदन सौन, जनक सौन, संजय सौन, लक्ष्मण सौन, मंटू, सूरज, बंशी और प्रकाश राम सहित दर्जनों की संख्या में कांग्रसे कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







