पिथौरागढ़: नाबालिग के शारीरिक शोषण मामले में युवक की मदद करने वाली आरोपिता महिला गिरफ्तार
एक आरोपी को पूर्व में किया गया था गिरफ्तार

पिथौरागढ़ के तहसील बेरीनाग के राजस्व क्षेत्र में बीते फरवरी माह में एक नाबालिग से शारीरिक शोषण कर उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी का सहयोग करनी वाली आरोपिता महिला को भी पुलिस ने रूद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 06 फरवरी 2025 को तहसील बेरीनाग के राजस्व क्षेत्र में एक नाबालिग से शारीरिक शोषण कर उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के संबंध में आरोपी विजय कोहली को मार्च माह में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में आरोपी विजय कोहली की सहायता करने वाली महिला सुनीता देवी उर्फ सोनी कोहली, निवासी ग्राम खजुरिया श्रीराम, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बलियापानी, गंगोलीहाट का नाम प्रकाश में आया था।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के आदेशानुसार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली झूलाघाट संजीव कुमार द्वारा मामले की जांच की जा रही थी। सीओ गोविन्द बल्लभ जोशी के पर्यवेक्षण में आरोपिता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाते हुए सर्विलांस की मदद से आरोपिता सुनीता देवी उर्फ सोनी कोहली, उम्र 28 वर्ष को रूद्रपुर से गिरफ्तार किया गया।
आवश्यक कानूनी कार्यवाही के उपरांत आरोपिता को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक अशोक चौधरी, हेड कांस्टेबल सुन्दर सिंह पोखरिया, महिला होमगार्ड ज्योति ऐरी, सर्विलांस सैल के हेड कांस्टेबल हेम चन्द्र सिंह व कमल तुलेरा शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







