पिथौरागढ़ : स्वास्थ्य विभाग का ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान जारी
वार्डवार स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता शिविर आयोजित

पिथौरागढ़ नगर निगम क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसएस नबियाल के निर्देशन में संचालित हो रहा है। टकाना वार्ड में आयोजित शिविर का शुभारंभ पार्षद विक्रम वाल्मीकि ने किया।

इस दौरान निवासियों की बीपी, शुगर, मुंह, ग्रीवा एवं स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही टीबी की जांच, एक्स-रे और औषधि वितरण भी किया गया। नोडल अधिकारी डॉ. ललित भट्ट ने बताया कि आगामी दिनों में नगर निगम के अन्य वार्डों में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इन सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इसी क्रम में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बजेटी तथा राजकीय इंटर कॉलेज चेसर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का शुभारंभ पार्षद हंसी प्रकाश और नवीन लाल वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इन शिविरों में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों व महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, वजन, लंबाई, बीएमआई व हीमोग्लोबिन की जांच की गई।
साथ ही पोषण, माहवारी स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य और तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डॉ. जयवर्धन, साइकाइट्रिक सोशल वर्कर जीवन तिवारी, काउंसलर जीवन पंत, चंदा चौहान, गीता धामी और दीपक बडोला सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







