पिथौरागढ़ : दूरस्थ प्राथमिक विद्यालय को दिए कंप्यूटर, हारमोनियम और शैक्षिक सामग्री
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की

राज्य स्थापना माह के अवसर पर ओएनजीसी देहरादून ने कनालीछीना विकासखंड के दूरस्थ राजकीय प्राथमिक विद्यालय को कंप्यूटर सहित विभिन्न शैक्षिक और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई है। इस पहल से सीमांत क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक तकनीक सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
ओएनजीसी की ओर से विद्यालय को कंप्यूटर, प्रिंटर, फर्नीचर, अलमारियां, म्यूजिक सिस्टम और हारमोनियम प्रदान किए गए। इसके साथ ही बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज भी वितरित किए गए, ताकि हर घर तिरंगा अभियान को दूरस्थ गांवों तक पहुंचाया जा सके। इस अवसर पर विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने ओएनजीसी देहरादून के मुख्य महाप्रबंधक नीरज शर्मा, सीएसआर प्रमुख विशाल शर्मा, प्रबंधक अरुण कुमार तथा ओएनजीसी में प्रबंधक एवं अधिकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष, लेखक और विचारक जय प्रकाश पांडेय का आभार जताया।
कनालीछीना के गुड़ौली गांव के मूल निवासी जय प्रकाश पांडेय ने ओएनजीसी की ओर से संचालित सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विकास में संस्थान के योगदान पर प्रकाश डाला। विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कंप्यूटर और संगीत उपकरणों से बच्चों को पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष पंकज तिवारी उपस्थित रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







