पिथौरागढ़ : पुलिस की कार्रवाई: परिजनों की उपस्थिति में नाबालिग की काउंसलिंग
अभिभावक के विरूद्ध 25 हजार के चालान की कार्रवाई, सीमा पर संयुक्त गश्त व गोष्ठी

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में नाबालिग वाहन चालकों, शराब पीकर वाहन चलाने व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी है।

जिसके तहत प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में उप निरीक्षक प्रदीप कुमार व टीम द्वारा चैकिंग के दौरान एक नाबालिग बालक को दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। इस मौके पर पुलिस द्वारा नाबालिग के परिजनों की उपस्थिति में काउन्सलिंग की गई,
साथ ही यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर वाहन स्वामी या अभिभावक का 25 हजार का चालान व 03 साल तक की सजा का प्रावधान है। इस दौरान वाहन स्वामी के विरुद्ध 25,000 रूपए के चालान की कार्रवाई करते हुए आख्या न्यायालय को प्रेषित की गई तथा वाहन को सीज किया गया। पुलिस ने अभिभावकों से नाबालिगों को वाहन नहीं देने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
इधर अन्तर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्रों पर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहते हुए अलर्ट मोड पर कार्य कर रही है। सीमा सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक नगर, रुद्रपुर डॉ. उत्तम सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस बल, एसएसबी, नेपाल पुलिस, स्थानीय अभिसूचना इकाई व सुरक्षा एजेंसियों के साथ
सीमा सुरक्षा के दृष्टिगत गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय झूला पुल का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक कुंवर सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली झूलाघाट संजीव कुमार सहित कोतवाली झूलाघाट पुलिस एवं एसएसबी के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







