पिथौरागढ़: मद्यपान पहचान प्रणाली परियोजना, रितेश का चयन
राइंका गंगोलीहाट के छात्र का राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के लिए चयन

पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गंगोलीहाट के छात्र रितेश सिंह ने जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस सफलता के साथ ही उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

बीते दिनों यह प्रतियोगिता पीएम श्री केएन उप्रेती राजकीय इंटर कॉलेज पिथौरागढ़ में आयोजित हुई थी। प्रतियोगिता में रितेश सिंह ने मद्यपान पहचान प्रणाली नामक अभिनव परियोजना प्रस्तुत की। इस परियोजना का उद्देश्य शराब के नशे में वाहन चलाने की घटनाओं को रोकना है। यह प्रणाली वाहन में बैठे व्यक्ति के शरीर से निकलने वाली शराब की मात्रा को पहचानती है
और नशे की पुष्टि होने पर वाहन स्वतः बंद हो जाता है। विशेष रूप से यदि वाहन में बैठा कोई अन्य व्यक्ति भी शराब के नशे में हो तब भी वाहन चालू नहीं हो पाएगा। इस तकनीक के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ-साथ नशामुक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान संभव है। इसी प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र नमन उप्रेती ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त किया, जो विद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
दोनों छात्रों की इस उपलब्धि की सराहना जिला शिक्षा अधिकारी सहित उपस्थित शिक्षाविदों ने की। यह सफलता छात्रों की मेहनत, लगन तथा सूचना प्रौद्योगिकी शिक्षक संतोष तिवारी के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम बताई गई। कार्यक्रम समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया था। राज्य स्तरीय चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय में हर्ष का माहौल रहा। प्रधानाचार्य सहित समस्त शिक्षकों ने छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







