पिथौरागढ़ : छात्रों के दल ने किया व्यास घाटी क्षेत्र स्थित आदि कैलाश, ओम पर्वत का भ्रमण
पंचशूल ब्रिगेड एवं एसएसजे विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम संपन्न

पंचशूल ब्रिगेड एवं सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के मध्य हुए एमओयू के तहत लक्ष्मण सिंह महर परिसर पिथौरागढ़ के एनसीसी एवं सैन्य विज्ञान के छात्रों के लिए विशेष शैक्षिक एवं प्रेरणादायी भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को सीमांत व्यास घाटी क्षेत्र स्थित आदि कैलाश, ओम पर्वत, गुंजी, नाभीढांग, रं म्यूजियम तथा वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत विकसित गांवों का भ्रमण कराया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामरिक विरासत से परिचित कराना तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास एवं महत्व के प्रति जागरूक करना था।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने सीमावर्ती क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों, स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली एवं विकास योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान पंचशूल ब्रिगेड के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना की भूमिका, सीमाओं की सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों, हथियारों की जानकारी तथा सीमांत क्षेत्रों में सेना द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यों के बारे में विस्तार से बताया।
विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए इसे अपने शैक्षिक एवं व्यक्तिगत विकास के लिए महत्वपूर्ण अनुभव बताया। परिसर प्रशासन ने पंचशूल ब्रिगेड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। परिसर के विद्यार्थियों का नेतृत्व डा. गिरीश चंद्र पचौली द्वारा किया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







