पिथौरागढ़ : दीवार पत्रिका सृजन कार्यशाला का समापन, बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मिला नया मंच
दीवार पत्रिकाओं को हुआ विमोचन, बच्चों ने की उत्साहपूर्वक सहभागिता

कन्या जूनियर हाईस्कूल मंडप में आयोजित सात दिवसीय दीवार पत्रिका सृजन कार्यशाला का समापन बच्चों द्वारा तैयार की गई दीवार पत्रिकाओं के विमोचन के साथ संपन्न हुआ। कार्यशाला में बच्चों की रचनात्मक अभिव्यक्तियों को मंच प्रदान करते हुए उनकी प्रतिभाओं को निखारने का प्रयास किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ बाल साहित्यकार रजनीकांत शुक्ल ने बच्चों द्वारा तैयार दीवार पत्रिकाओं का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उनके भावनात्मक और रचनात्मक संसार को समझने की प्रेरणा दी। उन्होंने बालगीतों का पाठ कर बच्चों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक गीतों में सहभागिता की।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास आवश्यक है। कार्यशाला के आयोजक एवं वरिष्ठ साहित्यकार शिक्षक महेश पुनेठा ने कहा कि सात दिनों के दौरान बच्चों को लेखन और सृजन के जो सूत्र बताए गए हैं, यदि वे उन्हें अपने विद्यार्थी जीवन में अपनाते हैं तो निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि अध्ययन और सतत अभ्यास ही सफलता की कुंजी हैं। कार्यक्रम में बसंत गिरी, किरन बोरा और विद्या सहित अन्य वक्ताओं ने भी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए अपने विचार रखे। कार्यशाला के दौरान बच्चों ने कहानी, कविता, यात्रावृत्तांत सहित विभिन्न साहित्यिक विधाओं में लेखन का अभ्यास किया। महेश पुनेठा के मार्गदर्शन में बच्चों ने लेखन की बारीकियां सीखने के साथ अपनी कल्पनाओं को शब्दों में ढालने का प्रयास किया।
उनकी तन्मयता, रचनात्मकता और जिम्मेदारीपूर्ण सहभागिता सराहनीय रही। कार्यक्रम का संचालन कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार शिक्षक महेश पुनेठा ने रमेश चंद्र जोशी के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रत्येक रचनात्मक पहल को पूरे मनोयोग से सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में प्रभारी प्रधानाचार्य संगीता भैसोड़ा, शिक्षक राकेश पुरी, शैलजा भट्ट एवं त्रिभुवन सिंह सहित कई शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







