पिथौरागढ़ : सीमांत गांव में एनसीसी कैडेट्स ने दिया नशामुक्ति और पलायन रोकने का संदेश
नुक्कड़ नाटक और भाषण के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति किया जागरूक

जनपद के सीमांत तहसील क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों को नशामुक्ति, पलायन रोकने, राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 80 यूके एनसीसी बटालियन ने धारचूला के सोनिया खोला में विशेष जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक और भाषण के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। बटालियन के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी के नेतृत्व और प्रशासनिक अधिकारी मेजर संध्या के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में कैडेट्स ने नशामुक्ति और मेरी माटी के बोल विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
कैडेट सचिन चंद के संचालन में हुए नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव और युवाओं व समाज पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान कैडेट सचिन चंद ने सीमांत गांवों से हो रहे पलायन की समस्या पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि सीमांत गांव देश की सुरक्षा, संस्कृति और सीमाओं की मजबूती के महत्वपूर्ण प्रहरी हैं।
उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों से अपने गांवों से जुड़े रहने, स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर तलाशने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में मां के नाम एक पेड़ अभियान के तहत एनसीसी अधिकारियों, कैडेट्स, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण किया।
इस दौरान पौधों की देखभाल और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नर्मदा देवी रावल, सरपंच विक्रम राम, वार्ड सदस्य चंद्र सिंह गुरंग, आशा कार्यकर्ता हीरादेवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विमला देवी, पूर्व बीडीसी सदस्य इंद्र देवी, समाजसेवी हरीश बहादुर बम, महिला समूह उपाध्यक्ष कमला देवी, अध्यक्ष रोशनी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
एनसीसी के एएनओ कैप्टन हरीश बिष्ट, लेफ्टिनेंट हेमंत कुमार जोशी, सूबेदार मेजर गंगा सिंह, सूबेदार जसवंत सिंह, नायब सूबेदार दर्शन सिंह, बीएचएम नवीन चंद्र, नायब सूबेदार बीरेंद्र सिंह, सीएचएम हरीश चंद्र जोशी, सीएचएम लोकेंद्र, सीएचएम त्रिलोक सिंह और नायक भैरवी प्रसाद सहित करीब 80 कैडेट्स शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







