पिथौरागढ़ : ढोल-दमाऊ की थाप और छलिया नृत्य के साथ शुरू हुआ 11वां मुवानी महोत्सव
रंगारंग झांकी और कलश यात्रा ने बांधा समां, विधायक मयूख महर और आनंद रावत ने किया चार दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ

रामगंगा घाटी के प्रमुख कस्बे मुवानी में ढोल-दमाऊ की गूंज, छलिया नृत्य, कलश यात्रा और रंगारंग झांकी के साथ चार दिवसीय 11वें मुवानी महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर और युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आनंद रावत ने फीता काटकर महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
उद्घाटन समारोह में राजकीय महाविद्यालय मुवानी, राजकीय इंटर कॉलेज मुवानी, शेर सिंह कार्की पब्लिक स्कूल, प्रगति पब्लिक स्कूल और राजकीय इंटर कॉलेज थल के छात्र-छात्राओं के साथ नंदा गौरा महिला मंगल दल मुवानी की महिलाओं ने झांकी में प्रतिभाग किया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय परंपराओं और लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। झांकी के दौरान जेसीबी मशीन से अतिथियों पर की गई पुष्पवर्षा आकर्षण का केंद्र रही।
मुख्य अतिथि विधायक मयूख महर ने क्षेत्रवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को मनोरंजन का अवसर देने के साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करते हैं। विशिष्ट अतिथि आनंद रावत ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलता है और नई पीढ़ी में अपनी संस्कृति के प्रति समझ एवं जुड़ाव विकसित होता है।
महोत्सव के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों की विकास प्रदर्शनी के साथ कृषक शिविर और आधार कार्ड शिविर भी लगाए गए हैं। इनके माध्यम से क्षेत्र की जनता को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। मुवानी महोत्सव समिति के अध्यक्ष कमल दीप सिंह बिष्ट ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। इस दौरान समिति के प्रधान संरक्षक राम सिंह राठौर,
संयोजक रमेश बम, उपाध्यक्ष जीवन बोरा, महामंत्री शोभन कार्की, सचिव कुलदीप आर्या, उप सचिव संजय भट्ट, जिला पंचायत सदस्य हेमंत प्रसाद, ग्राम प्रधान जगत सिंह मेहता, दीपक कार्की, मेहर सिंह कठायत, त्रिलोक बोरा, विजय भंडारी, मनीष बोरा, दिवाकर सोनार, संजय कार्की, सुमित पाल, राहुल सोनार और धर्मेंद्र बिष्ट सहित अनेक लोग मौजूद रहे। महोत्सव का संचालन ललित मोहन राठौर शौर्य और हंस पाल ने संयुक्त रूप से किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







