पिथौरागढ़: सड़क निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करें अधिकारी: जिलाधिकारी
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माणाधीन और लंबित सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में सड़कों की बेहतर स्थिति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करें।
मंगलवार को जिला कार्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा संचालित सड़कों, निर्माण कार्यों और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन और प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्यों की प्रगति तथा निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली।
उन्होंने परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं और चुनौतियों पर भी अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन किया जाए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह ह्यांकी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







