पिथौरागढ़ : वंचित राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की मांग को लेकर प्रदेश मंत्री से मिला शिष्टमंडल
मुख्यमंत्री के समक्ष मामला उठाने का आश्वासन

उत्तराखंड आंदोलनकारी के रूप में चिन्हित होने से वंचित रह गए लोगों ने एक बार फिर अपनी मांग उठाई है। इस संबंध में आंदोलनकारियों के शिष्टमंडल ने ऐंचोली स्थित आवास पर भाजपा प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया।
शिष्टमंडल ने बताया कि राज्य निर्माण के लिए विभिन्न संगठनों और आम जनता के साथ अनेक लोगों ने संघर्ष किया था। इनमें से कई आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण हो चुका है, जबकि अनेक लोग अब भी इस प्रक्रिया से वंचित हैं। उन्होंने अपने संघर्ष के प्रमाण के तौर पर संबंधित विभिन्न साक्ष्य भी प्रस्तुत किए।
आंदोलनकारियों के अनुसार, इन दस्तावेजों के साथ वर्ष 2021 में जिलाधिकारी कार्यालय और पुनः अगस्त 2026 में पटवारी एवं तहसील के माध्यम से आवेदन जमा कराया गया था। इसके बावजूद अब तक चिन्हीकरण नहीं हो पाया है। प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वह जल्द ही शिष्टमंडल के साथ देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगी और वंचित राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण का प्रकरण प्रमुखता से उनके सामने रखेंगी।
इस दौरान राजेंद्र पांडेय, प्रकाश जोशी, उमा पांडे, सुरेश जोशी, कमलेश पंत, नरेंद्र नगरकोटी, संतोष कुमार पंत, गोविंद बोहरा, केदार सेठी, त्रिभुवन जोशी, पीताम्बर भट्ट, राम सिंह, जीवन फुलेरा, रजनी रावत, मोहन चंद्र पांडे, चंद्रशेखर पांडे, लक्ष्मण बोरा, बलबीर रावल, जगदीश ज्याला, माधवानंद पनगड़िया, प्रमोद पंत, पूरन कन्याल, रमेश सिंह बिष्ट, राजेश जोशी, दिनेश जोशी और देवेंद्र जोशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







