पिथौरागढ़ : राज्य स्थापना दिवस पर आंदोलनकारियों के परिजनों को किया जाएगा सम्मानित
09 नवंबर को भव्य आयोजन की तैयारी तेज, डीएम आशीष भटगांई ने अधिकारियों को दिए निर्देश

राज्य स्थापना दिवस को भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 9 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई।
डीएम ने राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस उत्तराखंड के गठन के लिए किए गए संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
इस दिन स्थानीय संस्कृति, लोक परंपराओं और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि नई पीढ़ी को राज्य आंदोलन के इतिहास और आंदोलनकारियों के योगदान से परिचित कराया जा सके। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, बैठने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
साथ ही राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों को आपसी समन्वय से अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समन्वय के साथ निर्वहन करते हुए कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस चुफाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







