पिथौरागढ़ : लोकगीत प्रतियोगिता में विण रहा विजेता, दो दिवसीय युवा महोत्सव संपन्न
लोक संस्कृति, कला और रचनात्मक विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन

एशियन एकेडमी परिसर में युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव का समापन हो गया। महोत्सव की लोकगीत प्रतियोगिता में विण विकासखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे युवाओं ने लोक संस्कृति, कला और रचनात्मक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महोत्सव के दौरान लोकगीत, लोकनृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने कुमाऊंनी लोक संस्कृति और पारंपरिक गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को मंच देने के साथ ही उन्हें स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना रहा।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपिका चुफाल ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। युवाओं को शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ. जगदीश नेगी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा को मंच मिलता है और लोक संस्कृति के संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर राज्य युवा कल्याण परिषद के सदस्य शंकर खड़ायत, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता प्रदीप महरा, नोडल अधिकारी दीपक चन्द्र भट्ट, महामंडलेश्वर वीरेंद्रानंद महाराज, बीओ गौरव चौहान, हेमा पांडे, दीपांक वर्मा, चंचल सिंह और सतीश भट्ट सहित निर्णायक मंडल के सदस्य सदानंद भट्ट, हरीश कुमार, राजीव जोशी, नेहा भट्ट, अनीता कापड़ी, उज्ज्वल डिमरी और मीनू पुनेड़ा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नानू बिष्ट ने किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







