Pithoragarh

पिथौरागढ़ : वालोंग दिवस पर पूर्व सैनिकों ने 6 कुमाऊं के वीर बलिदानियों को किया नमन

1962 के युद्ध में 118 जवानों ने दिया था सर्वोच्च बलिदान, 93 वर्षीय युद्ध सहभागी सूबेदार मान सिंह ने भी दी श्रद्धांजलि

वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में वालोंग मोर्चे पर अदम्य साहस दिखाने वाले 6 कुमाऊं रेजिमेंट के वीर जवानों की स्मृति में पूर्व सैनिकों ने वालोंग दिवस मनाया। इस अवसर पर शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर त्रिलोक सिंह और 93 वर्षीय सूबेदार मान सिंह रहे। सूबेदार मान सिंह स्वयं ऐतिहासिक वालोंग युद्ध में शामिल रहे थे।

 

उन्होंने जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनकी वीरता को भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। गौरतलब है कि वर्ष 1962 में अरुणाचल प्रदेश के दुर्गम वालोंग सेक्टर में 6 कुमाऊं के जवानों ने सीमित संसाधनों और विषम परिस्थितियों के बावजूद चीनी सेना का बहादुरी से मुकाबला किया था।

 

14 नवंबर को बटालियन ने दुश्मन की चौकियों पर ऐतिहासिक जवाबी प्रहार किया था। इस संघर्ष में 118 जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जबकि 172 सैनिक युद्धबंदी बनाए गए। बटालियन के पांच जवानों को उनकी वीरता के लिए विभिन्न वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। इनमें पिथौरागढ़ के शहीद नायक बहादुर भी शामिल थे, जिन्हें वीर चक्र से अलंकृत किया गया

 

।कार्यक्रम के समापन पर पूर्व सैनिकों ने वीर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए 6 कुमाऊं रेजिमेंट की गौरवशाली सैन्य परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर आनरेरी कैप्टन दीवान सिंह वल्दिया व सुरेंद्र सिंह बोहरा, सुबेदार सोबन सिंह, नायक देंवेंद्र कुमार पाल, अशोक चंद, महादेव गिरी सहित कई पूर्व सैनिक मौजूद थे। संचालन कैप्टन दीवान सिंह वल्दिया ने किया।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते