पिथौरागढ़ : शादी-विवाह के सीजन में यातायात और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण की मांग
सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी ने नगर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने तथा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। सोसायटी के अध्यक्ष दयानंद भट्ट की अगुवाई में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने और समस्याओं के समाधान की मांग की है।
सोसायटी द्वारा सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि पिथौरागढ़ नगर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों के दोनों ओर अनियमित रूप से खड़े वाहन, वर्कशॉप के बाहर मरम्मत के लिए खड़े किए जाने वाले वाहन और सड़क किनारे लंबे समय तक रखी रहने वाली भवन निर्माण सामग्री के कारण आए दिन जाम की स्थिति पैदा होती है।
वहीं सड़कों पर तेज गति से दौड़ने वाले वाहन, विशेषकर दोपहिया वाहन, दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। इन दुर्घटनाओं में बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक जोखिम रहता है। सोसायटी ने आगामी 14 नवंबर से शुरू होने वाले शादी-विवाह के सीजन को लेकर भी चिंता जताई है। ज्ञापन में कहा गया है कि बारातों में बड़ी संख्या में वाहन शामिल होते हैं, जिन्हें कई बार बीच सड़क पर रोक दिया जाता है।
इसके अलावा सड़क पर आतिशबाजी करने और बारात रोककर नाच-गाने के कार्यक्रम आयोजित करने से यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति पैदा होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ज्ञापन में देर रात तक तेज आवाज में डीजे, ढोल-नगाड़े और संगीत बजाने पर भी नियंत्रण लगाने की भी मांग की है।
सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि कई बार रात 12 से एक बजे तक तेज आवाज में संगीत बजता रहता है और बारातें भी देर रात घर लौटती हैं। इससे बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने जिलाधिकारी से यातायात पुलिस, पुलिस और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर सड़क पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, तेज रफ्तार वाहनों तथा देर रात तक होने वाले ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की मांग की है,
ताकि आमजन को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में राजेंद्र सिंह खनका, भाष्करानंद जोशी, ललिता प्रसाद जोशी, लक्ष्मी दत्त तिवारी, गिरधर सिंह बिष्ट, मोहन लाल वर्मा, हरिप्रसाद, किशन सिंह भाटिया,लक्ष्मी दत्त शर्मा, विपिन चन्द्र जोशी, रमेश बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







