औचक निरीक्षण : मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति
टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र में निरीक्षण अभियान

पूर्व निरीक्षणों के दौरान पाई गई कमियों को दूर नहीं किए जाने पर इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए औषधि प्रशासन द्वारा एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई।

आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन और चंपावत जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर सहायक औषधि नियंत्रक हेमंत सिंह नेगी के नेतृत्व में औषधि निरीक्षकों की टीम द्वारा टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान बनबसा के 13 और टनकपुर के 6 मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियम 1945 के अंतर्गत अनुपालन की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। गुणवत्ता परीक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की 07 दवाओं के नमूने संग्रहित किए गए। बनबसा स्थित एक मेडिकल स्टोर में पूर्व निरीक्षणों के दौरान पाई गई कमियों को अब तक दूर नहीं किए जाने पर इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए औषधि प्रशासन द्वारा उक्त प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। निरीक्षण टीम में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, मीनाक्षी बिष्ट तथा औषधि निरीक्षक निधि शर्मा, शुभम कोटनाला, अर्चना व पूजा जोशी शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







