भावनात्मक क्षण : महिला ने अपना दुपट्टा फाड़कर मुख्यमंत्री धामी को बांधी राखी
राखी, राहत और रिश्ता, आपदा के बीच मानवीय संवेदनाओं का मार्मिक दृश्य

उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आई आपदा के बाद राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण कर रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने शुक्रवार को एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम कर दीं।

गुजरात के अहमदाबाद के ईशनपुर निवासी धनगौरी बरौलिया अपने परिवार के साथ गंगोत्री दर्शन के लिए उत्तराखंड आई थीं। बीते 05 अगस्त को आई भीषण आपदा के कारण वे धराली में अपने परिवार सहित फंस गईं। मार्ग अवरुद्ध होने और लगातार मलबा व तेज बहाव से स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गई थी। प्रदेश सरकार के निर्देश पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत और बचाव कार्य शुरू किए गए।
मुख्यमंत्री स्वयं लगातार तीन दिनों से क्षेत्र में मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। रेस्क्यू टीमों के अथक प्रयास से बरौलिया और उनके परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रक्षाबंधन से एक दिन पहले जब मुख्यमंत्री प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे तब बरौलिया ने भावुक होकर अपने दुपट्टे का एक टुकड़ा फाड़कर मुख्यमंत्री धामी को राखी बांधी। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति के दिल को छू गया।
मुख्यमंत्री ने भी इस भावनात्मक क्षण को विनम्रता से स्वीकार करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आपदा की इस घड़ी में हर प्रभावित व्यक्ति के साथ खड़ी है और हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। धराली जैसे दुर्गम क्षेत्र में मानवीय संवेदनाओं का यह दृश्य विपदा के बीच आशा, विश्वास और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बन गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







