पिथौरागढ़: बीपी, शुगर और ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ टीबी की जांच
होकरा में 86 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच व दवा वितरित

पिथौरागढ़ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जेएस चुफाल के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में चलाया जा रहा स्वास्थ्य जांच कैंप अभियान जारी है। बीते दिवस कुजौली वार्ड के समिति भवन में एनसीडी एवं टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कैंप का शुभारंभ मेयर कल्पना देवलाल ने किया।
कैंप में लोगों की बीपी, शुगर और ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ टीबी की जांच, एक्स-रे और दवाओं का वितरण किया गया। डीटीओ डा प्रशांत कौशिक और एनसीडी नोडल अधिकारी डा. बिमलेश जोशी ने बताया कि नगर के अन्य वार्डों में भी कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने नगरवासियों से कैंप में पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर पार्षद पुष्पा उप्रेती, पार्षद ललित मोहन भट्ट, एडवोकेट निर्मल चौधरी सहित एनसीडी तथा टीबी कार्यक्रम के कर्मी व वार्डवासी उपस्थित थे। इधर दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उदे्श्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेजम की टीम ने होकरा में स्वास्थ्य शिविर लगाकर 86 ग्रामीणों की जांच की। सीएमओ के निर्देशन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को आवश्यक उपचार, दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।
चिकित्साधिकारी डा. नीतीश भट्ट, नर्सिंग ऑफिसर पवन रावत, एएनएम कमला शर्मा और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कुसुम बेलवाल ने ग्रामीणों की जांच के साथ उन्हें बीमारियों से बचाव, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों ने गांव में ही स्वास्थ्य सुविधा मिलने पर स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया।
इधर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जेएस चुफाल ने कहा कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की जांच, उपचार और स्वास्थ्य जागरूकता का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







