पहल : स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता ने एसएसपी से की मुलाकात
अल्मोड़ा एलआर साह रोड और मुख्य बाजार में यातायात व्यवस्था सुधारने की उठाई मांग

स्कूली बच्चों की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर पहल करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता संजय कुमार पाण्डे ने अल्मोड़ा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके से मुलाकात की।
उन्होंने एलआर साह रोड पर स्कूल खुलने और छुट्टी के समय चौपहिया वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने तथा मुख्य बाजार में तेज गति से चलने वाले दोपहिया वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। संजय पाण्डे ने कहा कि एनटीडी से शिखर तिराहे तक एलआर साह रोड संकरा है और स्कूल समय में बड़ी संख्या में बच्चे पैदल आवागमन करते हैं।
सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और चौपहिया वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने स्कूल समय में पूर्व की तरह यातायात नियंत्रित करने और स्कूली वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से संचालित करने का सुझाव दिया। उन्होंने साईं मंदिर और विशाल मेगा मार्ट के पास स्कूल समय में पुलिसकर्मी या गार्ड तैनात करने, अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई करने तथा
एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए मार्ग सुचारु रखने की मांग की। मुख्य बाजार में भी आवश्यक वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने का सुझाव दिया। सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी ने कहा कि यातायात व्यवस्था का उद्देश्य केवल वाहनों का संचालन नहीं, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और पैदल राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी होना चाहिए।
संजय पाण्डे ने बताया कि इस मामले को पूर्व में कुमाऊं मंडल आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के समक्ष भी उठाया जा चुका है। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







