पिथौरागढ़: नशामुक्ति, युवा सशक्तिकरण, स्वच्छता जागरूकता के कार्यों के लिए मोहित सम्मानित
सीमांत जनपद में खुशी की लहर

उत्तराखंड के युवा समाजसेवी मोहित सिंह बिष्ट को देहरादून में आयोजित दून आइकन अवॉर्ड्स सीजन-1 समारोह में ‘राष्ट्र का युवा पथप्रदर्शक सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान नशामुक्ति अभियान, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
उनके सम्मानित होने पर यहां सीमांत में खुशी की लहर है। आयोजक संस्था एकसेन्युएट के मुख्य कार्यकारी अमित ठक्कर, वेस्ट वॉरियर अविदेश पुंडीर और 69 माउंटेन ब्रिगेड के लेफ्टिनेंट कर्नल कुलदीप सिंह ने मोहित बिष्ट को स्मृतिचिह्न भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में देहरादून के मेयर सहित राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी मोहित बिष्ट लंबे समय से युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सक्रिय हैं। उनका मुख्य फोकस युवाओं को नशे से दूर रखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें शिक्षा, खेल, अनुशासन तथा सामाजिक सेवा जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर है। मोहित बिष्ट की ओर से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसके अलावा स्वच्छता अभियानए जरूरतमंदों की सहायता के लिए ‘हेल्पिंग हैंड्स’ पहल, मोटिवेशनल कार्यक्रम और सामाजिक जागरूकता अभियानों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को खेल, सामाजिक गतिविधियों और नशामुक्ति के संदेश से जोड़ना भी उनके प्रयासों का हिस्सा है।
उनका कहना है कि पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच, अवसर और मार्गदर्शन देने की है। सम्मान मिलने पर मोहित सिंह बिष्ट ने आयोजकों, अतिथियों, सहयोगियों और सामाजिक अभियानों में साथ देने वाले लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए समाज और युवाओं के प्रति जिम्मेदारी को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा है। उनका प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल, रोजगार, नेतृत्व और सामाजिक सेवा से जोड़ा जाए। मोहित के सम्मानित होने पर सीमांतवासियों ने शुभकामनाएं दी हैं।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







