पिथौरागढ़ : उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के उद्यमी सम्मेलन में स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने पर चर्चा
बैंक अध्यक्ष हरि हर पटनायक ने उद्यमियों को दिया वित्तीय सहयोग का भरोसा, व्यवसाय विस्तार और रोजगार की संभावनाओं पर हुआ मंथन

स्थानीय कारोबार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से क्लाउड-9 में उद्यमी सम्मेलन (एसएमई मीट) आयोजित किया गया। बैंक अध्यक्ष हरि हर पटनायक की उपस्थिति में हुए सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों ने प्रतिभाग कर व्यवसाय विस्तार और ऋण सुविधाओं को लेकर चर्चा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। बैंक अध्यक्ष हरि हर पटनायक ने कहा कि पिथौरागढ़ में व्यवसाय की अपार संभावनाएं हैं। उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक उद्यमियों की वित्तीय जरूरतों के अनुरूप सहयोग देकर स्थानीय कारोबार, रोजगार और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सम्मेलन में परिवहन, खुदरा व्यापार, विनिर्माण, होटल और सेवा क्षेत्र में ऋण तथा व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुकरेती ने बेहतर ग्राहक सेवा और उद्यमियों के साथ निरंतर संवाद पर जोर दिया। शाखा प्रबंधक सिमलगैर अमित काला ने बैंक की ऋण योजनाओं की जानकारी दी, जबकि सीपीसी प्रमुख कपिल पुंडीर ने ऋण प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं के बारे में बताया।
सम्मेलन में पिथौरागढ़, सिमलगैर, जीआईसी रोड, कुमौड़ और ऐंचोली शाखाओं से जुड़े उद्यमियों ने भाग लिया। इनमें मनोज पुनेरा, विजय सिंह अधिकारी, ललित मोहन पाटनी, होशियार सिंह भंडारी, भूपेन्द्र सिंह कुँवर, कुंदल नगरकोटी, मीना कुँवर और रेनु बोरा सहित अन्य व्यवसायी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन शाखा प्रबंधक आशीष मैठानी ने किया। क्षेत्रीय कार्यालय के व्यवसाय प्रमुख मनोज पंत ने आभार जताया। इस अवसर पर बैंक के अधिकारी और संबंधित शाखाओं के प्रबंधक भी मौजूद रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







