पिथौरागढ़ : महिला हत्याकांड का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार
खोतिला पुल के पास मिले महिला के शव के मामले में की त्वरित कार्रवाई, हत्या में प्रयुक्त डंडा और खून से सने कपड़े बरामद

धारचूला में खोतिला पुल के पास महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, खून लगा शर्ट, जूते और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बीते 06 नवंबर की सुबह खोतिला पुल के पास एक महिला का शव मिलने की सूचना पर कोतवाली धारचूला पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान 35 वर्षीय मीनू लोहारी के रूप में हुई। शव पर चोटों के निशान पाए गए थे। जांच में पता चला कि मीनू करीब तीन वर्ष पूर्व अपने पति मोहन राम निवासी नेपाल से अलग होकर खोतिला निवासी देवराज नबियाल के साथ रह रही थी।
पुलिस ने घटनास्थल के साथ ही संदिग्ध के घर की भी गहन जांच की। फील्ड यूनिट की ओर से देवराज नबियाल के घर का निरीक्षण करने पर बिस्तर और फर्श पर खून के निशान मिले। मृतका के पुत्र की तहरीर पर कोतवाली धारचूला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1)/238(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6 नवंबर की रात नामजद आरोपी 35 वर्षीय देवराज नबियाल निवासी ग्राम खोतिला को एसएसबी कैंप के पीछे काली नदी किनारे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, खून लगा शर्ट, जूते और मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अम्बी राम आर्य, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह राणा, कांस्टेबल मनोज सिंह बिष्ट और कांस्टेबल संतोष कुमार शामिल रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







