पिथौरागढ़ : जौलजीबी में जनजाति गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा को किया याद
जनजातीय प्रतिभाओं का सम्मान

जौलजीबी के ऐतिहासिक मेला प्रांगण में रविवार को समाज कल्याण विभाग और जिला जनजाति कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जनजाति गौरव दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही जनजातीय संस्कृति, भाषा और परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिली।
इस दौरान जनजातीय समाज के उत्थान में योगदान देने वाले गणमान्य लोगों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष एवं राजी जनजाति के प्रथम व्यक्ति तथा धारचूला-मुनस्यारी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गगन सिंह रजवार ने अन्य अतिथियों के साथ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनजातीय समाज और उसके नायकों के साथ संवाद का सीधा प्रसारण भी किया गया।
वक्ताओं ने बताया कि जनजातीय समाज के देश के प्रति योगदान और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों की भूमिका को सम्मान देने के उद्देश्य से वर्ष 2021 से प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजाति गौरव दिवस मनाया जा रहा है। यह आयोजन आजादी का अमृत महोत्सव के तहत शुरू किया गया था।
कार्यक्रम में निदेशालय जनजाति कल्याण, उत्तराखंड की ओर से संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बलुवाकोट और राजकीय बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय छारछुम के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बालिका विद्यालय की छात्राओं ने वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि बालक विद्यालय के छात्रों ने छोलिया नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया।
जनजातीय विद्यार्थियों ने राजी और भोटिया भाषाओं में गीत एवं कविताएं प्रस्तुत करने के साथ ही नेपाली भाषा में भी गीत सुनाए। जिला जनजाति कल्याण अधिकारी डॉ. डीपीएस राठौर ने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समाज कल्याण और जनजाति कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता शकुंतला दताल, बाल कल्याण समिति पिथौरागढ़ की सदस्य एवं तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित लीला बनग्याल, जौलजीबी व्यापार मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तु, राजी जनजाति ग्राम खेतार कन्याल (डीडीहाट) के प्रधान कमल रजवार, दूती बगड़ (धारचूला) की प्रधान कल्पना अवस्थी, राजी जनजाति ग्राम चिफलतरा के प्रधान भवानी राम और समाजसेविका विमला गर्खाल को भगवान बिरसा मुंडा का चित्र, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे राजी और भोटिया जनजाति के लोगों के लिए विभाग की ओर से भोजन की व्यवस्था भी की गई। इस दौरान समाज कल्याण अधिकारी पिथौरागढ़, सहायक समाज कल्याण अधिकारी धारचूला प्रियंका, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बलुवाकोट के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार, छात्रावास प्रभारी नमित कुमार शर्मा, राजकीय बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय छारछुम के प्रधानाचार्य अवधेश रावत, छात्रावास अधीक्षिका दिव्या बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शंकर दत्त भट्ट और करन सिंह थापा ने संयुक्त रूप से किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







