एसीपी बहाली की मांग को लेकर 27 नवंबर को सचिवालय घेरेंगे ग्राम पंचायत विकास अधिकारी
पदाधिकारियों ने आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया

एसीपी (सुनिश्चित कैरियर प्रोन्नयन) का लाभ बहाल करने की मांग को लेकर प्रदेशभर के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी 27 नवंबर को देहरादून में सचिवालय का घेराव करेंगे। यह निर्णय ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक में लिया गया। बैठक में प्रदेश के सभी जनपदों के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग कर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
सोमवार को लाडपुर स्थित संघ कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष योगेश भारती की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसका संचालन प्रदेश महामंत्री विनीत गौड़ ने किया। बैठक में एसीपी का लाभ नहीं मिलने से कर्मचारियों और अधिकारियों में बढ़ते आक्रोश पर चर्चा हुई।प्रदेश अध्यक्ष योगेश भारती ने कहा कि पूर्व में कर्मचारियों को 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर तीन पदोन्नति वेतनमान का लाभ मिलता था,
लेकिन वर्तमान में सरकार द्वारा यह लाभ कर्मचारियों और अधिकारियों को नहीं दिया जा रहा है। इससे प्रदेशभर के विभिन्न विभागों के कर्मचारी-अधिकारियों में नाराजगी है। उन्होंने बताया कि एसीपी बहाली की मांग को लेकर संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर 27 नवंबर 2026 को देहरादून में शांतिपूर्ण सचिवालय घेराव किया जाएगा। इसमें सभी जनपदों से ग्राम पंचायत विकास अधिकारी प्रतिभाग करेंगे।
बैठक में प्रदेश वरिष्ठ संरक्षक दीपक नेगी, पौड़ी जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष पूजा भारद्वाज, नैनीताल जिलाध्यक्ष विवेक बिष्ट, उत्तरकाशी जिलाध्यक्ष सतबीर रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय टम्टा, विपुल डंडियाल और नितिन जोशी, चंपावत जिलाध्यक्ष शिवांशु वर्मा, महामंत्री दिनेश बिष्ट, प्रदेश सचिव मनोज कुमार, टिहरी जिलाध्यक्ष पंकज उनियाल, देहरादून महामंत्री अनुप रावत, चमोली जिलाध्यक्ष विपिन सेमवाल और उत्तरकाशी महामंत्री हरि राणा सहित प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







