पिथौरागढ़ : संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान में 27 वाहनों के चालान
अभियान के दौरान आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई

सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 27 वाहनों के चालान किए गए।
जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में एपटेक तिराहा, भड़कटिया, कुमौड़ तिराहा और चंडाक रोड पर सघन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान वाहनों के पंजीकरण प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
मोटर वाहन अधिनियम एवं यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 27 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मंजू देवी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अभिनव गहतोड़ी, यातायात पुलिस के ललित डंगवाल, परिवहन आरक्षी सीमा राणा, मीना चुफाल, बहादुर परगाई, अमित उप्रेती और प्रवर्तन चालक महेंद्र प्रसाद शामिल रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







