पिथौरागढ़ : दुकान की आड़ में अवैध शराब का कारोबार, 23 पव्वों के साथ संचालक गिरफ्तार
पटाखों जैसी आवाज निकालने वाले बुलेट चालक पर कार्रवाई, वाहन सीज

दुकान की आड़ में अवैध अंग्रेजी शराब का कारोबार करने वाले एक दुकान संचालक को कनालीछीना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दुकान से अंग्रेजी शराब के 23 पव्वे बरामद कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष कनालीछीना प्रवीण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम छड़नदेव में एक दुकान की जांच की। इस दौरान दुकान से अवैध अंग्रेजी शराब के 23 पव्वे बरामद हुए। पुलिस ने दुकान संचालक दिनेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना कनालीछीना में आबकारी अधिनियम की धारा 21/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह, हेड कांस्टेबल रविंद्र खोलिया और कांस्टेबल पंकज पंगरिया शामिल रहे।
पटाखों जैसी आवाज निकालने वाले बुलेट चालक पर कार्रवाई, वाहन सीज
पिथौरागढ़। बुलेट मोटरसाइकिल में रेट्रो साइलेंसर लगाकर सड़क पर पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने वाले चालक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल का चालान कर उसे सीज कर दिया। पुलिस के अनुसार, रेट्रो साइलेंसर के कारण सड़क पर तेज और पटाखों जैसी आवाज से आम लोगों को परेशानी हो रही थी। इस पर अपर उपनिरीक्षक कैलाश सिंह, कांस्टेबल अनिल जोशी और कांस्टेबल कपिल विश्वकर्मा की टीम ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







