पिथौरागढ़ : चुकंदर, पालक, हल्दी आदि प्राकृतिक सामग्रियों से रंग तैयार
महाविद्यालय मुनस्यारी में जैविक होली रंग निर्माण कार्यशाला का आयोजन

विद्यार्थियों को प्राकृतिक व वनस्पतिक स्रोतों से सुरक्षित और त्वचा अनुकूल होली रंग बनाने की विधि से परिचित कराने के उदेश्य से स्व. डॉ. आरएस टोलिया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुनस्यारी में प्राचार्य प्रो. हितेश कुमार जोशी की अध्यक्षता में जैविक होली रंग निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस दौरान महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. रिफाकत अली ने बताया कि गृह विज्ञान विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्राकृतिक व वनस्पतिक स्रोतों से सुरक्षित और त्वचा अनुकूल होली रंग बनाने की विधि से परिचित कराना है। कार्यक्रम के दौरान चुकंदर, पालक, हल्दी आदि प्राकृतिक सामग्रियों से रंग तैयार करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वयं भी रंग बनाए। साथ ही रंग निर्माण की लागत, मूल्य निर्धारण और संभावित लाभ की जानकारी दी गई, ताकि छात्र-छात्राएं इसे आय सृजन के माध्यम के रूप में भी अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें। कार्यशाला में गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी एवं गृह विज्ञान विभाग की छात्राएं प्रिया, खुशबू कोरंगा, प्रिया रिंगवाल, गौरी बोथ्याल, जया पांगती, निशा, दीपा सहित अन्य छात्राओं द्वारा सक्रिय सहभागिता की गई। प्राध्यापक एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







