PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : शब्दों से संस्कृति तक की थीम पर सजा हिंदी कार्निवल

साहित्यिक विभूतियों के रूप में नजर आए नन्हे विद्यार्थी

हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में तपोवन विद्या स्थली में 14 सितंबर को ‘प्रवाह हिंदी कार्निवल-2026 : शब्दों से संस्कृति तक’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्निवल में विद्यार्थियों ने कवि सम्मेलन, रंगोली और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के माध्यम से हिंदी साहित्य और भारतीय संस्कृति की विविधता को जीवंत किया।

 

Uttarakhand News Image

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में विद्यार्थी साहित्य और समाज की महान विभूतियों के रूप में नजर आए और उनकी ओजस्वी काव्य प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को तालियों से गूंजा दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रशासनिक अधिकारी निकिता भसीन का विद्यालय परिवार ने भारतीय परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का संचालन ओम और आराध्या धामी ने किया।

 

कार्निवल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता विशेष आकर्षण रही। विद्यार्थियों ने आशुतोष श्रीवास्तव, हरिवंश राय बच्चन, सावित्रीबाई फुले, सुभद्रा कुमारी चौहान, महादेवी वर्मा और रामधारी सिंह दिनकर जैसी महान हस्तियों का रूप धारण किया। विद्यार्थियों ने वीर, रौद्र, भक्ति और देशभक्ति रस से ओतप्रोत कविताओं का प्रभावशाली पाठ किया।

 

नर्सरी से लेकर विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। देवांश, इशानिया, वंश, सार्विक, रुद्रांश, हर्षिल, कान्हा, प्रियांशी, दिव्यांशी, कविता, शाश्वत, अन्या, रियांश, जयश, अथर्व, मयंक, आरव, लक्ष्य, तनुश्री, शार्णिक, पावनी भट्ट, निधि, देवेश, तक्षिता, रियांश वर्मा, विद्युत वर्मा, युवराज, तक्ष, शिवांश, मानस, आराध्या और दर्शित सहित अन्य विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।

 

इस दौरान विद्यार्थियों को हिंदी साहित्य के नवरसों की भी जानकारी दी गई। रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और हिंदी भाषा के प्रति प्रेम को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के संस्थापक एवं अधिवक्ता मनोज कुमार जोशी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

 

उन्होंने महाकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रसिद्ध रचना रश्मिरथी की पंक्तियों का ओजपूर्ण वाचन कर विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ने के लिए प्रेरित किया। हिंदी कार्निवल विद्यार्थियों के लिए हिंदी भाषा, साहित्य और संस्कृति को समझने के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का जीवंत मंच बना।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते