पिथौरागढ़ : आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आमरण अनशन
दो मांगों पर बनी सहमति, जूस पिलाकर अनशन कराया समाप्त

रामगंगा घाटी विकास संघर्ष समिति के बैनर तले 15 सूत्रीय मांगों को लेकर मुवानी में चल रहा आमरण अनशन तीसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। क्षेत्रीय विधायक बिशन सिंह चुफाल ने मुख्यमंत्री से दूरभाष पर वार्ता कर आंदोलनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिलाया।
इसके बाद विधायक ने अनशन पर बैठे समिति के अध्यक्ष कमल दीप सिंह को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इससे पहले क्षेत्रीय विधायक बिशन सिंह चुफाल, सीएमओ जीवन चुफाल, डीडीहाट की उपजिलाधिकारी खुशबू पांडे और संबंधित विभागों के अधिकारी अनशन स्थल पर पहुंचे।
करीब एक घंटे चली वार्ता में आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की ओर से आश्वासन मिलने के बाद ही अनशन समाप्त किया जाएगा। इसके बाद करीब दो घंटे तक इंतजार किया गया। विधायक बिशन सिंह चुफाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर वार्ता की, जिस पर मुख्यमंत्री ने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विधायक के साथ हुई वार्ता में आंदोलनकारियों ने दो प्रमुख मांगों पर सहमति जताई। इनमें अति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण तथा डिग्री कॉलेज में नए विषयों की स्वीकृति की मांग शामिल है। इसके अलावा अन्य 10 समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
आमरण अनशन समाप्त करने से पूर्व समिति अध्यक्ष कमल दीप सिंह ने आंदोलन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि तीन दिन तक आमरण अनशन के दौरान उनके वजन में करीब चार किलोग्राम की कमी आई। इस दौरान राम सिंह राठौर, शोभन कार्की, मेहर सिंह कठायत, त्रिलोक सिंह बोरा, उत्तम डोबाल, विक्रम कठायत, कैप्टन श्याम सिंह कार्की,
व्यापार संघ अध्यक्ष सुमित पाल, मन्नू भंडारी, पीयूष बोरा, संजय भट्ट, राहुल सोनार, मनोज सिंह भंडारी, सूरज गोरखा, जितेश खनका, अशोक कुमार, प्रेम सिंह, भूपाल ऐरी, हरीश बिष्ट हेरी, योगेश कुमार, अजय कोटियाल, निलेश कुमार, दिवाकर सोनार, राजेंद्र प्रसाद, बिशन सिंह भंडारी, पप्पू मारकून, हर्षित खोलिया, त्रिलोक भंडारी, दीवान भंडारी, संजय पंत, राकेश गोरखा, सैम बोरा, राजू खोलिया, रमेश बम, जीवन बोरा, दीपक कार्की, कुंदन बोरा, नवल वर्मा, पप्पू पुजारा, गोकुल प्रसाद, डब्बू चंद, बबलू कार्की, भावना बिष्ट, शांति देवी, रामा बोरा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







