पिथौरागढ़ : पेड़ों को राखी बांधकर विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
पेड़ों, जलस्रोतों और प्रकृति के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का लिया संकल्प

रक्षा बंधन की पूर्व संध्या पर अभिलाषा समिति के अंतर्गत संचालित अभिलाषा एकेडमी डीडीहाट में जैव विविधता, पर्यावरण और जल संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पेड़-पौधों को राखी बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने कहा कि वृक्ष वायु, जल, मिट्टी और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने पेड़ों, जलस्रोतों और प्रकृति के संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। अभिलाषा समिति के निदेशक डा. किशोर कुमार पंत ने कहा कि पेड़ों को राखी बांधना प्रतीकात्मक पहल है, जिसका उद्देश्य बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जैव विविधता सुरक्षित रहेगी, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा को पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने वाली गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अवसर पर प्रबंधक चंचल सिंह, प्रधानाचार्या डा. अनिता जोशी, विमला देवी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







