पिथौरागढ़ : देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप का सफल समापन
50 चयनित प्रतिभागियों ने उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की

देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत ईडीआई इंडिया (भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान), अहमदाबाद द्वारा ईटीसी थरकोट, पिथौरागढ़ में आयोजित तीन दिवसीय आवासीय उद्यमिता बूट कैंप (5 से 7 जुलाई) का सफल समापन हो गया।
बूट कैंप के अंतिम दिन प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने विशेषज्ञों से प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए बिजनेस मॉडल, ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर), लाइसेंसिंग तथा बिजनेस पिचिंग से जुड़े नवाचारों को प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने अपने व्यावसायिक विचारों को पिचिंग के माध्यम से साझा कर उद्यमिता कौशल का प्रदर्शन किया।
इस बूट कैंप में 50 चयनित प्रतिभागियों ने उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की तथा देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत भविष्य में आयोजित होने वाले छह दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) में चयन के लिए अपनी तैयारी को मजबूत किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट, बलुआकोट, मुवानी, एसएनएस राजकीय परास्नातक महाविद्यालय तथा एलएसएम परिसर पिथौरागढ़ के 50 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बूट कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशीलता कौशल विकसित करना, व्यवसायिक अवसरों की पहचान, स्टार्टअप स्थापना, वित्तीय प्रबंधन, विपणन रणनीतियों एवं
व्यवसाय विस्तार की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डिजाइन थिंकिंग, बिजनेस आइडिया विकास, मार्केट एनालिसिस, फाइनेंस एंड फंडिंग, सरकारी योजनाओं, पिचिंग स्किल्स तथा गो-टू-मार्केट रणनीतियों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
ईडीआई इंडिया के विशेषज्ञों ने युवाओं को स्थानीय संसाधनों एवं पारंपरिक तकनीकों पर आधारित उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अपने व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित करते हैं, जिससे राज्य में उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में ईडीआई इंडिया के उद्यमिता विशेषज्ञ डॉ. रजत शर्मा एवं प्रोजेक्ट अधिकारी दिग्विजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, ईटीसी पिथौरागढ़ के ईटीओ पंकज पंत एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण के सफल संचालन में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







